तिलक चंद रमोला /रमोला न्यूज़ ब्यूरो
नौगांव : उत्तरकाशी जिला सहकारी बैंक की प्रबंधन समिति की बैठक बुधवार को बैंक सभागार में अध्यक्ष श्रीमती शारदा सत्येंद्र राणा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बैंक की वित्तीय स्थिति, व्यवसायिक प्रगति, ऋण एवं जमा व्यवसाय, ऋण वसूली, शाखाओं के कार्यों तथा बैंकिंग गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक ने वर्तमान प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी समिति के समक्ष रखी। बैठक में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार के साथ ग्रामीणों, किसानों, युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि ग्राहकों को आधुनिक एवं त्वरित बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मोबाइल बैंकिंग और नेट बैंकिंग सेवाएं शीघ्र शुरू की जाएंगी। इसके लिए आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। वर्तमान में बैंक की सात शाखाओं में एटीएम सुविधा संचालित है। शीघ्र ही बैंक की अन्य सभी शाखाओं में भी एटीएम स्थापित किए जाएंगे।
नौ स्थानों पर खुलेंगी नई शाखाएं
बैंक की सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए कोटधार, धारी कलोगी और सांकरी में नई शाखाएं खोलने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक से अनुमति लेने को प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद इन तीन स्थानों पर शाखाएं खोली जाएंगी। इसके बाद मातली और झाला में भी नई शाखाएं खोलने के लिए आरबीआई को प्रस्ताव भेजा जाएगा। वहीं अध्यक्ष ने नैटवाड़, कंडियाल गांव, हुडोली और गंगटाड़ी (राजगढ़ी) में बैंक की नई शाखाएं खोलने के लिए आवश्यक सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। इस तरह बैंक की ओर से चरणबद्ध तरीके से जनपद में कुल नौ नए स्थानों पर शाखा विस्तार की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
100 करोड़ रुपये के ऋण वितरण का लक्ष्य
युवाओं, महिलाओं और किसानों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए बैंक द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत अधिक से अधिक ऋण वितरण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बैंक के माध्यम से करीब 100 करोड़ रुपये के स्वरोजगार ऋण शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराने की योजना पर भी जोर दिया गया। इसके तहत होमस्टे, एमएसएमई, वाहन सहित स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को ऋण सुविधा से जोड़ा जाएगा।
बैंक द्वारा पूर्व में जिन सरकारी स्वरोजगार योजनाओं में ऋण सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाती थी, उनमें भी अब ऋण वितरण शुरू करने की दिशा में कार्यवाही की जाएगी। इसका उद्देश्य जनपद में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है।
महिलाओं को बिना गारंटी ऋण
जनपद की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए बैंक में मातृशक्ति सशक्तिकरण ऋण योजना लागू की गई है। योजना के तहत कृषि, पशुपालन, दुग्ध व्यवसाय, लघु उद्योग एवं छोटे कारोबार शुरू करने वाली महिलाओं को आसान एवं बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। बैंक का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ना है।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए भारत दर्शन योजना
वरिष्ठ नागरिकों को भारत भ्रमण और चारधाम यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बैंक की ओर से भारत दर्शन योजना लागू की गई है। योजना के तहत इच्छुक वरिष्ठ नागरिकों को भारत दर्शन एवं चारधाम यात्रा के लिए ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
एनपीए तीन प्रतिशत से कम करने का लक्ष्य
बैठक में बैंक की ऋण वसूली की स्थिति की भी समीक्षा की गई। बैंक के सकल एनपीए को आरबीआई के निर्धारित मानकों के अंतर्गत लाने के लिए लगातार प्रयास करने के निर्देश दिए गए। वित्तीय वर्ष 2026-27 की समाप्ति तक बैंक का सकल एनपीए तीन प्रतिशत से कम करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी शाखा प्रबंधकों को एनपीए वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंत तक बैंक का शुद्ध लाभ 20 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी शाखाओं को आवंटित जमा एवं ऋण वितरण लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति करने के निर्देश दिए गए हैं।
नवरात्र से लागू होगी विशेष त्योहार योजना
ग्राहकों को बैंक से जोड़ने और ऋण वितरण में वृद्धि के उद्देश्य से बैंक की ओर से विशेष त्योहार योजना तैयार की गई है। यह योजना नवरात्र से लागू की जाएगी। इसके तहत भवन ऋण, वाहन ऋण और आवास ऋण जैसी योजनाओं में ग्राहकों को ब्याज दर पर विशेष छूट उपलब्ध कराई जाएगी।
खरसाड़ी समिति का पुनः संचालन होगा
बैठक में अध्यक्ष श्रीमती शारदा सत्येंद्र राणा ने जिला सहायक निबंधक, उत्तरकाशी को गडूगाड़ और खरसाड़ी बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समिति की पंजीकरण प्रक्रिया तत्काल पूरी करने के निर्देश दिए। इसके बाद समिति का पूर्व की भांति संचालन शुरू किया जाएगा।
अध्यक्ष श्रीमती शारदा सत्येंद्र राणा ने कहा कि बैंक का लक्ष्य प्रत्येक ग्रामीण और किसान तक बैंकिंग सेवा पहुंचाना है। बैंकिंग सेवाओं को डिजिटल सुविधाओं से जोड़कर ग्रामीणों और किसानों को सहज, सरल एवं सुलभ व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारी, व्यापारी, किसान, युवा और महिलाओं सहित हर वर्ग को बैंकिंग सेवाओं का लाभ आसानी से मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं से युवाओं और महिलाओं को जोड़कर स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना तथा बैंक के कारोबार को नए स्तर तक पहुंचाना प्राथमिकता है।
बैठक में श्रीमती शारदा सत्येंद्र राणा, हरिमोहन सिंह, दिनेश लाल, श्रीमती मनोरमा, जगमोहन सिंह रावत, जगमोहन सिंह पंवार, श्रीमती पूनम देवी रमोला, बलवीर सिंह, श्रीमती रमिता, श्रीमती सुनीता, जगदीश प्रसाद, श्रीमती दशरथी सहित प्रबंधन समिति के सदस्य तथा बैंक के महाप्रबंधक मुकेश माहेश्वरी आदि मौजूद रहे।
