विक्रांत शर्मा ब्यूरो रमोला न्यूज़/पंचकूला 4 अक्टूबर : ताऊ देवी लाल खेल स्टेडियम सेक्टर-3 में चल रही नमो क्रिकेट लीग के ग्रैंड फिनाले के अंतिम दिन नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाले बच्चों को मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने सम्मानित किया। बच्चों ने स्लोगन, पेंटिंग, कार्टून और विभिन्न कलाकृतियों के माध्यम से नशे से दूर रहने का संदेश दिया। तरुण भंडारी ने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
तरुण भंडारी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्त भारत के संकल्प में सहयोग देने का आह्वान किया।
नमो क्रिकेट लीग के मीडिया कोऑर्डिनेटर संजीव सूद ने बताया कि रविवार को ग्रैंड फिनाले देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम पहुंचे। इस दौरान बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने नशे के खिलाफ संदेश देतीं पेंटिंग, कार्टून और अन्य कलाकृतियां तैयार कर कार्यक्रम में प्रदर्शित कीं।
उन्होंने बताया कि बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने ग्रैंड फिनाले में खेल के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी मजबूत किया। इस अवसर पर संजीव सूद, मुकेश सिंगला, विनय धीर, कपिल गौड़, राकेश गर्ग बिट्टू, दीपक गर्ग, अनुराधा पुरी, मनीषा जांगड़ा, नरेश सांवरिया, मनवीर गिल, बाबी सिंह, संदीप कपूर सहित आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
*******

