बरोटीवाला में दुकानदार से 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में बददी पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

 

हेमंत कुमार (रमोला न्यूज़ ब्यूरो )

 बद्दी , 11 नवंबर

हिम लैंड सिटी मार्केट, बरोटीवाला में दुकानदार से 15 लाख रुपये की फिरौती मांगने तथा पैसे न देने पर उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने के मामले में बददी पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना बरोटीवाला में दिनांक 03.11.2026 को अभियोग, धारा 329(4), 308(3), 351(3) व 3(5) BNS के तहत पंजीकृत किया गया था। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पंकज उर्फ गुल्लू निवासी गांव कलरांवाली, डाकघर मंडाला, तहसील बददी, जिला सोलन को 05.11.2026 को तथा संजीव कुमार उर्फ सैंटी निवासी गांव कैम्बावाला, डाकघर मंडाला, तहसील बददी, जिला सोलन को 10.11.2026 को गिरफ्तार किया है।

 

शिकायतकर्ता अभिषेक, निवासी गांव दसौरामाजरा ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उससे फोन पर 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही थी तथा पैसे न देने पर उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। शिकायत के अनुसार दो युवक मुंह बांधकर उसकी दुकान पर पहुंचे थे। उनके पास पिस्तौल थी और उन्होंने शिकायतकर्ता के बारे में पूछताछ करते हुए फोन पर उससे फिरौती की मांग की तथा जान से मारने की धमकी दी थी।

मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ एवं जांच जारी है। पुलिस घटना में अन्य संभावित रूप से संलिप्त व्यक्तियों की पहचान करने में जुटी है। एसपी बददी विनोद धीमान ने पत्रकारों को बताया कि जांच के दौरान जिन अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आएगी, उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *