कोमल रमोला
रमोला न्यूज़ ब्यूरो
पंचकूला। श्री विश्वकर्मा समाज सभा (रजि.) की ओर से श्री विश्वकर्मा मंदिर, सेक्टर-12, गांव रैली, पंचकूला में भगवान श्री विश्वकर्मा जी की जयंती एवं पूजा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस धार्मिक आयोजन में वार्ड पार्षद अनुराधा पुरी ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्री विश्वकर्मा जी के समक्ष शीश नवाकर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा हवन यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर समस्त क्षेत्रवासियों एवं समाज की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर अनुराधा पुरी ने कहा कि भगवान श्री विश्वकर्मा जी को सृष्टि के प्रथम शिल्पकार, निर्माण एवं वास्तुकला का देवता माना जाता है। उन्होंने अपनी अद्भुत शिल्पकला और रचनात्मक शक्ति से संसार को निर्माण एवं सृजन का संदेश दिया। भगवान विश्वकर्मा जी की पूजा हमें अपने कार्य के प्रति ईमानदारी, मेहनत, लगन और समर्पण की भावना से आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। यह पर्व विशेष रूप से उन सभी कारीगरों, श्रमिकों, तकनीकी विशेषज्ञों और मेहनतकश लोगों के सम्मान का प्रतीक है, जो अपने हुनर और परिश्रम से समाज एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति और परंपराओं में धार्मिक आयोजनों का विशेष महत्व है। ऐसे कार्यक्रम न केवल हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखते हैं, बल्कि समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी प्रेम, भाईचारे, एकता और सद्भाव को भी मजबूत करते हैं। हमें अपनी आने वाली पीढ़ियों को भी अपने धर्म, संस्कृति और परंपराओं से जोड़कर रखना चाहिए।
अनुराधा पुरी ने श्री विश्वकर्मा समाज सभा (रजि.) के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों का विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित करने तथा उन्हें स्नेहपूर्ण सम्मान देने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और सामूहिक प्रयासों से ही धार्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों को नई दिशा मिलती है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया तथा भगवान श्री विश्वकर्मा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। अंत में सभी ने समाज और क्षेत्र की उन्नति, सुख-शांति एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
