पंचकूला में 15 नवंबर को होगा श्री कृष्ण कृपा धाम का भव्य शिलान्यास समारोह, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रखेंगे आधारशिला

 

कोमल रमोला 

रमोला न्यूज़ ब्यूरो

पंचकूला, 11 नवंबर। श्री कृष्ण कृपा परिवार पंचकूला ट्रस्ट (रजि.) द्वारा रविवार, 15 नवंबर 2026 को सेक्टर-27, पंचकूला में हर्बल पार्क के सामने श्री कृष्ण कृपा धाम का भव्य शिलान्यास समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और धाम की आधारशिला रखेंगे।

यह भव्य धार्मिक आयोजन परम पूज्य गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के पावन सान्निध्य एवं आशीर्वाद में संपन्न होगा। समारोह में श्री श्री 108 स्वामी संपूर्णानंद जी महाराज तथा पूज्य साध्वी डॉ. अमृता दीदी का भी पावन सान्निध्य प्राप्त होगा।

कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के मंत्री श्री कृष्ण बेदी, श्री गौरव गौतम, राज्यसभा सांसद श्री कार्तिक शर्मा तथा कालका की विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त विशिष्ट अतिथियों में पंचकूला के महापौर श्री श्याम लाल बंसल, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री भारत भूषण भारती, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव श्री तरुण भंडारी, श्री भोपाल खदरी, श्री ओम प्रकाश देवी नगर, श्रीमती बंतो कटारिया, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री ज्ञान चंद गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अजय मित्तल, पूर्व महापौर श्री कुलभूषण गोयल तथा श्रीमती उपिंदर आहूजा ललिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।

ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि श्री कृष्ण कृपा धाम की स्थापना का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य संदेश एवं श्रीमद्भगवद्गीता के ज्ञान को जन-जन तक पहुंचाना है। यह धाम धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ सत्संग, सेवा, सुमिरन, योग, ध्यान और आध्यात्मिक जागरूकता का प्रमुख केंद्र बनेगा। इसके माध्यम से युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का विशेष प्रयास किया जाएगा।

समारोह के दौरान गीता यज्ञ, योग ध्यान, गीता पाठ, गीता सत्संग और भजन संध्या सहित विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था भी रहेगी।

ट्रस्ट की ओर से पंचकूला, चंडीगढ़, मोहाली एवं आसपास के क्षेत्रों के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की गई है कि वे परिवार सहित समारोह में पहुंचकर इस ऐतिहासिक धार्मिक अवसर के साक्षी बनें तथा संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त करें।

कार्यक्रम का आयोजन रविवार, 15 नवंबर 2026 को प्रातः 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक सेक्टर-27, पंचकूला (हर्बल पार्क के सामने) किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *