रायपुर रानी ब्लॉक में ₹11.12 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, विधायक शक्तिरानी शर्मा ने रखी आधारशिला

 

कोमल रमोला

 रमोला न्यूज ब्यूरो 

कालका : कालका विधानसभा क्षेत्र के रायपुर रानी ब्लॉक में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा जी ने लगभग 11.12 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में संपर्क मार्गों का सुदृढ़ीकरण और पुलों का पुनर्निर्माण शामिल है। इन कार्यों के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा।

विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा जी ने गांव टोडा में 408.41 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें 80.54 लाख रुपये की लागत से टोडा संपर्क मार्ग का सुदृढ़ीकरण तथा 327.87 लाख रुपये की लागत से टांगरी नदी पर स्थित तीन स्पैन वाले पुल का पुनर्निर्माण शामिल है।

इसके बाद उन्होंने खेरड़ी-हरियोली मार्ग पर 303.98 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित पुल के पुनर्निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। इस पुल के पुनर्निर्माण से आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

इसके पश्चात विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा जी गांव हंगोला स्थित ब्राह्मण धर्मशाला पहुंचीं, जहां 189.14 लाख रुपये की लागत से 4.17 किलोमीटर लंबे समलेहड़ी-हंगोला संपर्क मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया।

वहीं, गांव भूड़ में 210.24 लाख रुपये की लागत से दो संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण कार्यों की आधारशिला रखी गई। इनमें 137.18 लाख रुपये की लागत से 4.56 किलोमीटर लंबे गनौली से मंडलाई वाया भूड़ मार्ग और 73.06 लाख रुपये की लागत से 1.55 किलोमीटर लंबे भूड़-अपर भूड़ मार्ग का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।

विभिन्न गांवों में पहुंचने पर विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा जी का स्थानीय ग्रामीणों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि विधायक जी के नेतृत्व में क्षेत्र की हर पंचायत और गांव में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। कई गांवों में सड़क संपर्क को और बेहतर बनाने के लिए सुदृढ़ीकरण के कार्य करवाए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों ने विकास कार्यों की शुरुआत पर विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा जी का आभार व्यक्त किया।

विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा ने कहा कि रायपुर रानी ब्लॉक में हाल के दिनों में लगभग 18.56 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के कार्य शुरू होना क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आज लगभग 11.12 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों और पुलों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों का शिलान्यास किया गया है। इसके अलावा, कुछ दिन पहले रायपुर रानी-त्रिलोकपुर और रामपुर-नारायणपुर मार्गों के सुदृढ़ीकरण कार्यों का भी शिलान्यास किया गया था, जिन पर कुल 7.44 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

उन्होंने कहा कि विकास का हमारा संकल्प केवल किसी एक ब्लॉक या क्षेत्र तक सीमित नहीं है। रायपुर रानी के साथ-साथ कालका और मोरनी क्षेत्र में भी विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर हैं। हमारा निरंतर प्रयास है कि प्रत्येक पंचायत, प्रत्येक गांव और हर क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार विकास कार्य करवाए जाएं, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सड़कें, सुगम आवागमन और मजबूत बुनियादी सुविधाएं मिल सकें। विकास की यह गति आगे भी निरंतर जारी रहेगी और क्षेत्र के हर हिस्से तक इसका लाभ पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।

इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीण, भाजपा पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *