कोमल रमोला
रमोला न्यूज ब्यूरो
चंडीगढ़: डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों और महिलाओं एवं बालिकाओं की ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संत ईशर स्कूल, मोहाली में शिक्षकों के लिए साइबर सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन KIPS Publications द्वारा किया गया। प्रशिक्षण का संचालन प्रसिद्ध ट्रेनर, लाइफ कोच एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रियंका पुनिया ने किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रियंका पुनिया ने शिक्षकों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मजबूत पासवर्ड कैसे बनाए जाएं, अलग-अलग अकाउंट के लिए अलग पासवर्ड क्यों जरूरी हैं तथा OTP, बैंकिंग विवरण और निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दुरुपयोग से तैयार होने वाले डीपफेक वीडियो, फोटो मॉर्फिंग और फर्जी डिजिटल कंटेंट के खतरों के प्रति सचेत किया। उन्होंने समझाया कि सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत तस्वीरें, वीडियो और अन्य निजी डेटा साझा करना कई बार साइबर अपराधियों के लिए ब्लैकमेलिंग और ऑनलाइन उत्पीड़न का माध्यम बन सकता है। इसलिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है।
प्रियंका पुनिया ने साइबर अपराध का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने और www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने आपत्तिजनक निजी तस्वीरों के ऑनलाइन प्रसार को रोकने और उन्हें हटाने में सहायता के लिए www.stopncii.com प्लेटफॉर्म के उपयोग के बारे में भी बताया।
प्रशिक्षण का एक महत्वपूर्ण पहलू बालिकाओं की मानसिक एवं भावनात्मक सुरक्षा रहा। प्रियंका पुनिया ने कहा कि यदि किसी लड़की की निजी तस्वीर या वीडियो वायरल हो जाता है, तो उसे शर्मिंदगी, डर या सामाजिक दबाव में आकर कोई भी गलत या आत्मघाती कदम नहीं उठाना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों को समझाया कि ऐसी परिस्थिति में बालिकाओं को दोषी ठहराने के बजाय उनका विश्वास जीतना, उन्हें भावनात्मक सहयोग देना और उचित कानूनी एवं मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध करवाना बेहद जरूरी है। उन्होंने जोर दिया कि किसी की निजी तस्वीर का दुरुपयोग उसकी गलती नहीं है और एक घटना किसी का भविष्य निर्धारित नहीं करती।
उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यार्थियों के लिए ऐसा सुरक्षित और विश्वासपूर्ण वातावरण बनाएं, जहां छात्राएं बिना किसी भय या संकोच के अपनी समस्याएं साझा कर सकें। डिजिटल जागरूकता के साथ भावनात्मक मजबूती और सही समय पर मदद मांगने की क्षमता विकसित करना भी आज की बड़ी आवश्यकता है।
विद्यालय के प्रिंसिपल श्री इंद्रजीत संधू ने प्रशिक्षण की सराहना करते हुए प्रियंका पुनिया का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता हैं, क्योंकि जागरूक शिक्षक ही विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल वातावरण और जिम्मेदार ऑनलाइन व्यवहार के लिए प्रेरित कर सकते हैं। उन्होंने प्रियंका पुनिया द्वारा साझा की गई उपयोगी एवं व्यावहारिक जानकारी की विशेष प्रशंसा की।
