नौगांव : विकासखंड नौगांव के बिल्ला क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए गुरुवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत क्षेत्र के दो महत्वपूर्ण मोटर मार्गों के नवीनीकरण, डामरीकरण एवं उच्चीकरण कार्यों का विधिवत भूमि पूजन कर शुभारंभ किया गया। दोनों सड़कों पर कुल 34 करोड़ 38 लाख 83 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे क्षेत्र के करीब 22.5 किलोमीटर सड़क मार्गों की तस्वीर बदलेगी।
पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल और राज्य मंत्री जगत सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधियों ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्यों की शुरुआत की। इस दौरान विधायक दुर्गेश्वर लाल ने विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और तय मानकों के अनुरूप कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अपने संबोधन में क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का ब्यौरा भी ग्रामीणों के सामने रखा।
योजना के तहत रुदेश्वर मंदिर से बिल्ला होते हुए छमरोटा तक 15.700 किलोमीटर मोटर मार्ग का नवीनीकरण एवं डामरीकरण किया जाएगा। इस कार्य पर 2475.26 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं, जरड़ा-छुड़ी-तेड़ा से नरयूंका तक 6.800 किलोमीटर मोटर मार्ग का उच्चीकरण किया जाएगा, जिस पर 963.57 लाख रुपये की लागत आएगी।
दोनों मोटर मार्गों के सुधारीकरण से बिल्ला क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क सुविधा बेहतर होने से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं अन्य जरूरी कार्यों के लिए आवाजाही में सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री जगत सिंह चौहान, मंडल महामंत्री प्रताप चौहान, पूर्व प्रधान जगेंद्र राणा, क्रय-विक्रय समिति अध्यक्ष सोवेंद्र रावत, गोविंद राम और मीना रावत ने भी विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि दोनों सड़कों का सुधारीकरण क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। इसके पूरा होने से ग्रामीणों को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए विधायक के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
इस मौके पर प्रधान दीपिका, जगमोहन परमार, मंडल अध्यक्ष अमीता परमार, आत्माराम सेमवाल, सोवेंद्र रावत, जगेंद्र राणा, जयेन्द्र राणा, मीना रावत, भगतराम सेमवाल, अनिल, धर्म सिंह राणा, बलवीर चौहान, छमरोटा प्रधान दिनेश वर्मा, गोविंद राम, धीरेंद्र राणा, जयवीर और सुमन सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री प्रताप चौहान ने किया।
