जिला रेड क्रॉस सोसायटी ने उपमंडल अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित ड्राइविंग लाइसेंस बूथ पर शुरू की मेडिकल जांच सुविधा

 

पंचकूला, 19 नवंबर : उपायुक्त एवं प्रधान जिला रेड क्रॉस सोसायटी श्री सतपाल शर्मा के निर्देशानुसार जिला रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा आज गुरुवार को एसडीएम कार्यालय परिसर स्थित ड्राइविंग लाइसेंस बूथ पर ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित मेडिकल जांच की सुविधा शुरू की गई। इस मेडिकल प्रोजेक्ट का शुभारंभ एसडीएम श्रीमती मन्नत राणा ने किया।

ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने अथवा उसका नवीनीकरण करवाने के लिए आवश्यक मेडिकल प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के लिए आम नागरिकों को सिविल अस्पताल जाना पड़ता था, जिससे उन्हें समय और असुविधा का सामना करना पड़ता था। अब उपमंडल अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित ड्राइविंग लाइसेंस बूथ पर ही जिला रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा यह सुविधा शुरू किए जाने से शहरवासियों और आवेदकों को एक ही छत के नीचे सुगम एवं त्वरित मेडिकल जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे लोगों के समय और श्रम दोनों की बचत होगी।

एसडीएम श्रीमती मन्नत राणा ने जिला रेड क्रॉस सोसायटी के इस जनहितकारी कदम की सराहना करते हुए कहा कि इस सुविधा के शुरू होने से आमजन को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही लोगों को एक ही स्थान पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध होने से उनकी परेशानियां भी कम होंगी।

इस अवसर पर जिला रेड क्रॉस सोसायटी की सचिव श्रीमती विजय लक्ष्मी, जिला रेड क्रॉस सोसायटी के अधिकारी, कर्मचारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे।

******

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *