बीबीएमबी ने पंचकूला में आयोजित की राज्य स्तरीय ऊर्जा संरक्षण चित्रकला प्रतियोगिता

 

पंचकूला 19 नवंबर : भाखड़ा ब्यास प्रबन्ध बोर्ड (बीबीएमबी) ने ऊर्जा दक्षता ब्यूरो, विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में द्वारा आज गुरुवार को इंद्रधनुष ऑडिटोरियम, सेक्टर-5, पंचकूला में ऊर्जा संरक्षण पर राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

इस प्रतियोगिता में पंजाब, हरियाणा और चण्डीगढ़ के लगभग 15.33 लाख से भी अधिक छात्रों ने ऊर्जा संरक्षण पर अपने चित्रों के माध्यम से स्कूल स्तर पर अपनी कलात्मक प्रतिभा और कल्पना शक्ति का प्रदर्शन किया।

 

इस वर्ष राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दोनों समूहों के लिए दो विषय निर्धारित किए गए थे – “Save Power, Secure the Future” (ऊर्जा बचाएँ, भविष्य सुरक्षित बनाएं) तथा “BEE Star Labels Shine, Energy Security is Divine” (बीईई स्टार लेबलों की चमकार, ऊर्जा सुरक्षा हो शानदार)।

 

इस व्यापक भागीदारी में से 300 छात्रों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया था, जिन्होंने, आज इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। तीनों राज्यों/केन्द्र शासित प्रदेश के प्रत्येक समूह (ग्रुप ए और ग्रुप बी) से 18 छात्र चुने गए जो कि दिसम्बर, 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली में होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

 

प्रतियोगिता में कड़ी लेकिन मैत्रीपूर्ण प्रतिस्पर्धा देखी गई, जिसमें गुरनूर सिंह (पंजाब ग्रुप-ए), प्रभप्रीत सिंह (पंजाब ग्रुप-बी), गौरांश धवन (हरियाणा ग्रुप-ए) वियान (हरियाणा ग्रुप-बी), पार्थ (चण्‍डीगढ ग्रुप-ए), हर्ष कांडपाल (चण्‍डीगढ ग्रुप-बी) को प्रथम पुरस्कार ₹50,000 की राशि से सम्‍मानित किया गया। इसी प्रकार द्वितीय एवं तृतीय स्‍थान पाने वाले बच्‍चों को क्रमश: ₹30,000 एंव ₹20,000 की पुरस्कार राशि से सम्‍मानित किया गया। इसके अतिरिक्त तीनों राज्यों/केन्द्र शासित प्रदेश के प्रत्येक समूह के 10 बच्चों (कुल 60 बच्चों) को ₹7,500 राशि का प्रोत्साहन पुरस्कार भी दिया गया।

कार्यक्रम में चार चांद लगाते हुए बीबीएमबी डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, नंगल टाऊनशिप के छात्रों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर बीबीएमबी के अध्यक्ष, श्री मनोज त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में व बीबीएमबी के कई वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षा विभागों के प्रतिनिधि, शिक्षक एवं अभिभावक भी उपस्थित रहे।

अपने सम्बोधन में अध्यक्ष, श्री मनोज त्रिपाठी ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें ऊर्जा एवं जल संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने व राष्ट्र को उन्नत व समृद्ध बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु बीबीएमबी की टीम के प्रयासों की भी सराहना की।

 

 

*******

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *