एसएलएसए ने जनसहायता हेतु विधिक सेवा क्लिनिक शुरू किया

 

पार्वती रमोला/ रमोला न्यूज़

चंडीगढ़, 8 मई,
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, यू.टी. चंडीगढ़ द्वारा सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय, सेक्टर-30, चंडीगढ़ में स्थापित ‘विधिक सेवा क्लिनिक’ का उद्घाटन आज माननीय श्री न्यायमूर्ति हरसिमरन सिंह सेठी, न्यायाधीश, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय-सह-कार्यकारी अध्यक्ष, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, यू.टी. चंडीगढ़ द्वारा किया गया।

इस अवसर पर श्री हरि सिंह ग्रेवाल, जिला एवं सत्र न्यायाधीश, चंडीगढ़-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, यू.टी. चंडीगढ़; श्री राजीव तिवारी, निदेशक जनसंपर्क, यू.टी. चंडीगढ़; श्री आकाश मित्तल, सहायक श्रम आयुक्त, यू.टी. चंडीगढ़ प्रशासन; न्यायिक अधिकारीगण, पैनल अधिवक्ता एवं पैरा लीगल वालंटियर्स भी उपस्थित रहे।

यह उद्घाटन विधिक सहायता तंत्र को सुदृढ़ करने तथा सभी के लिए न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, विशेषकर उन लोगों के लिए जो स्वतंत्र रूप से कानूनी प्रतिनिधित्व प्राप्त करने में सक्षम नहीं हैं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा निर्माण श्रमिकों को श्रमिक कार्ड भी वितरित किए गए। श्रमिक कार्ड के माध्यम से श्रमिक विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के पात्र बनते हैं।

अपने संबोधन में माननीय श्री न्यायमूर्ति हरसिमरन सिंह सेठी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सहायक श्रम आयुक्त के समक्ष लंबित अथवा दायर किए जाने वाले मामलों से संबंधित पक्षकारों को तत्काल विधिक सहायता एवं परामर्श प्रदान करना है। यह क्लिनिक श्रमिकों, नियोक्ताओं एवं अन्य हितधारकों को समयबद्ध कानूनी मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध करवाने के लिए स्थापित किया गया है, जिससे न्याय तक पहुंच आसान होगी तथा श्रम संबंधी विवादों के प्रभावी समाधान को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, यू.टी. चंडीगढ़ पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क एवं सक्षम विधिक सेवाएं प्रदान करने के अपने दायित्व के प्रति प्रतिबद्ध है तथा विधिक प्रणाली और आमजन के बीच की दूरी को कम करने हेतु निरंतर सक्रिय कदम उठा रहा है।

विधिक सेवा क्लिनिक में मौके पर ही कानूनी परामर्श, विधिक अधिकारों एवं उपचारों संबंधी मार्गदर्शन तथा कानूनी प्रक्रियाओं में सहायता प्रदान की जाएगी। इस क्लिनिक का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, यू.टी. चंडीगढ़ के पैनल अधिवक्ताओं एवं पैरा लीगल वालंटियर्स द्वारा किया जाएगा।

जनसाधारण को विभिन्न कानूनी विषयों एवं कल्याणकारी योजनाओं संबंधी विधिक सहायता, मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने हेतु इस विधिक सेवा क्लिनिक में एक पैरा लीगल वालंटियर तथा दो पैनल अधिवक्ताओं की नियुक्ति की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *