अंतिम संस्कार मंगलवार को सुबह 11:00 बजे संपूर्णानन्द घाट, ऋषिकेश में किया जाएगा।
अंजना भंडारी/ रमोला न्यूज़
देहरादून 15 जून:
रमोला समाज के वरिष्ठ एवं सम्मानित सदस्य, आदर्श शिक्षक तथा समाजसेवी श्री अतुल चंद रमोला के आकस्मिक निधन से पूरे रमोला समाज और उत्तराखंड क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। ग्राम सिलारी के मूल निवासी एवं वर्तमान में विकास विहार, नथुवावाला, देहरादून निवासी श्री रमोला का निधन अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।
श्री अतुल चंद रमोला ने रमोला समाज को संगठित एवं एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने समाज के लोगों में सहयोग, भाईचारे और आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया। उनके प्रयासों से समाज में एकता और अखंडता को नई दिशा मिली।
वे केवल एक आदर्श शिक्षक ही नहीं थे, बल्कि शिक्षकों और समाज के लिए प्रेरणा एवं मार्गदर्शक भी थे। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। इसके साथ ही उत्तराखंड आंदोलन में उनकी सक्रिय भागीदारी और योगदान भी सदैव स्मरणीय रहेगा।
रमोला समाज के लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि श्री रमोला ने अपने सादगीपूर्ण जीवन, सामाजिक समर्पण और सकारात्मक सोच से सभी के दिलों में विशेष स्थान बनाया। उनका निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति और धैर्य प्रदान करें। जानकारी के मुताबिक दिवंगत श्री अतुल चंद रमोला जी का अंतिम संस्कार मंगलवार को सुबह 11:00 बजे संपूर्णानन्द घाट, ऋषिकेश में किया जाएगा।
