तिलक चंद रमोला नौगांव: नौगांव विकासखंड के पौंटी गांव में मां भद्रकाली की भादों जातर पारंपरिक रीति-रिवाज और धार्मिक उल्लास के साथ मनाई गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां भद्रकाली की डोली के दर्शन कर सुख-समृद्धि की मनोकामना मांगी। देर शाम तक गांव में भक्ति और लोक संस्कृति का रंग देखने को मिला। युवाओं ने डोली के साथ पारंपरिक गीतों पर जमकर नृत्य किया।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मां भद्रकाली की भादों जातर का शुभारंभ पंचमी के दिन डंडालगांव से हुआ। इसके बाद मां की डोली वापस मोल्डा थान पहुंची। मोल्डा से देवी मां पौंटी गांव पहुंची, जहां तीन दिन तक भव्य मेले का आयोजन किया गया। महिला-पुरुषों ने मां भगवती के पारंपरिक गीत प्रस्तुत किए।
इस मौके पर देवता के प्रमुख पुजारी बुद्धिराम बहुगुणा ने देवता की पुजा अर्चना की तथा देवी के पश्वा चन्द्रमोहन बहुगुणा ने अवतरित होकर सबको अपना आशीष दिया।
ग्रामीण महिलाओं ने अपनी इष्ट देवी मां भद्रकाली को धूप-दीप के साथ विशेष पकवान और प्रसाद अर्पित किए। इनमें पूरी, बुकण, धाणा, अखरोट, चुन्नी सिल्फर और फल मेवा आदि अर्पित किए। श्रद्धालुओं ने मां की डोली को कंधों पर उठाकर पारंपरिक गीतों के साथ नृत्य किया।
मंदिर समिति के अध्यक्ष यशवंत सिंह रावत तथा मनवीर भंडारी व गुलाब सिंह रावत ने बताया कि मां भद्रकाली के प्रति क्षेत्रवासियों की अटूट आस्था है। हर वर्ष आयोजित होने वाली इस जातर का ग्रामीणों को बेसब्री से इंतजार रहता है।
पौंटी गांव के बाद मां भद्रकाली की डोली मोल्डा, हुडोली, पाणीगांव, नेलाड़ी, बिणाई, कंताणी, ओडीयो, खांशी, पलेठा, हुडोली बजार समेत विभिन्न गांवों का भ्रमण करेगी। करीब दो सप्ताह तक चलने वाली इस जातर में क्षेत्र की लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश मिडिया प्रभारी मनवीर चौहान,
सुर्यप्रकाश, अनिल, कुलानंद, बुद्दीराम बहुगुणा, गोलू बहुगुणा, विनोद, किशन देव, रविंद्र भंडारी, संजय चौहान, जयदेव, संजय चौहान, महिमानंद, विनोद, कृष्ण देव, वीरेंद्र भंडारी, पवन पंवार
प्रधान रविना रौंटा, क्षेत्र पंचायत काजल रौंटा समेत कई लोग मौजूद थे ।

