“न रुके, न थके—राष्ट्रसेवा को समर्पित प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर माता मनसा देवी पंचकुला में हवन”

विक्रांत शर्मा/ रमोला न्यूज़ ब्यूरो
पंचकूला, 17 सितंबर ।

देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर आज पंचकूला स्थित श्री माता मनसा देवी मंदिर की यज्ञशाला में हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। हवन-यज्ञ के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं देश की निरंतर प्रगति और खुशहाली की कामना की गई।

श्री ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी पिछले लगभग 25 वर्षों से बिना कोइ छुटी लिए और बिना रुके निरंतर राष्ट्रसेवा में जुटे हुए हैं। उन्होंने अपना जीवन देश की सेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित किया है। इन वर्षों में देश के अंदर सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और आधारभूत ढांचे के विकास के साथ-साथ भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। यह केवल सरकार का संकल्प नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से पूरा होने वाला संकल्प है। प्रधानमंत्री जी के निरंतर परिश्रम, दूरदर्शी सोच और मजबूत नेतृत्व से देश नई ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। हमें भी उनके विकसित भारत के संकल्प को अपना संकल्प मानते हुए राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस को सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ मनाना हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। हमें उनके ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए समाज और राष्ट्र की सेवा में अपना योगदान देना चाहिए।

इस अवसर पर पंचकुला के मेयर श्री श्याम लाल बंसल, नगर पालिका कालका के चेयरमैन श्री कृष्ण लांबा, हरियाणा अनुसूचित आयोग की अध्यक्ष श्रीमती बंतो कटारिया, माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड पंचकूला की सचिव श्रीमती शारदा प्रजापति, पूर्व उपाध्यक्ष भाजपा चंडीगढ़ श्री अमित जिंदल एवं युवा मोर्चा प्रदेश कोषाध्यक्ष भाजपा हरियाणा श्री अमित गुप्ता, माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के सदस्य श्री पुनीत बेदी एवं इश्वर जिंदल तथा बुंगा सरपंच श्रीमती कविता चौधरी सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *