हेमंत कुमार (रमोला न्यूज़ ब्यूरो )
कालका 21सितंबर
एसडीएम कालका श्री संयम गर्ग ने आज एसडीएम कार्यालय में आयोजित समाधान शिविर में लोगों की जनसमस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए अधिकतम शिकायतों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया।
वार्ड नंबर 18 निवासी ने वार्ड में गंदगी की समस्या को लेकर शिकायत दी। उन्होंने बताया कि कचरे का प्रतिदिन उठान नहीं होने के कारण वार्डवासियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। समस्या का कड़ा संज्ञान लेते हुए एसडीएम श्री संयम गर्ग ने नगर परिषद के संबंधित अधिकारी को जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वार्ड में प्रतिदिन कचरे का उठान सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे और नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध हो।
इसी प्रकार, वार्ड नंबर 6 निवासी ने वार्ड में पर्याप्त पेयजल आपूर्ति न होने की समस्या एसडीएम के समक्ष रखी। उन्होंने वार्ड के लिए अलग पाइपलाइन बिछाने की मांग की। इस पर एसडीएम श्री संयम गर्ग ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को जल्द से जल्द एस्टीमेट तैयार कर अनुमोदन के लिए सरकार के पास भेजने के निर्देश दिए, ताकि अनुमोदन प्राप्त होते ही नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जा सके।
एसडीएम श्री संयम गर्ग ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार समाधान शिविर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक कार्य दिवस पर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाधान शिविरों से जुड़ते हैं और लोगों द्वारा रखी गई समस्याओं पर की गई कार्रवाई की स्वयं मॉनिटरिंग करते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की समस्याओं का बिना किसी विलंब के प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

