भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शुरू किया अपने हलके के गांवों का दौरा, आगामी संघर्ष का किया ऐलान

 

प्रीति कंबोज

 रमोला न्यूज़ ब्यूरो

रोहतक, 23 सितंबर । पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने विधानसभा गढ़ी सांपला किलोई के गांवों का दौरा शुरू कर दिया है। इस मौके पर गांवों में पहुंचने पर लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। अगल-अलग गावों में ग्रामीण सभाएं कर हुड्डा ने लोगों से अपनी आगामी राजनीति के बारे में सलाह मशविरा किया। उन्होंने सभा में मौजूद गांववालों को कहा कि आप मेरी असली ताकत हैं। अगर आप इजाजत देते हैं तो मैं पूरे प्रदेश में बीजेपी के खिलाफ आर-पार के संघर्ष की शुरुआत करना चाहता हूं। लोगों ने दोनों हाथ उठाकर अपने पुरजोर समर्थन का ऐलान किया।

गांववालों ने कहा कि आप पूरे प्रदेश में जाईये और जबतक बीजेपी सत्ता से बेदखल नहीं होती, तबतक मत रुकिए। हुड्डा ने लोगों के समर्थन और उत्साह के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि अब कांग्रेस 2024 की हार से उत्पन्न हुई निराशा को पीछे छोड़कर नई लड़ाई की शुरुआत कर रही है। हम संगठन निर्माण के बाद लगातार ब्लॉक स्तर की कार्यकर्ता बैठकें कर रहे हैं। लेकिन इस बीच मैंने एकबार अपने हलके के लोगों से आगामी राजनीति के बारे में विचार-विमर्श करना जरूरी समझा।

ब्राह्मणवास गांव से दौरे की शुरुआत करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इस गांव का आशीर्वाद हमेशा से हमारे परिवार के साथ रहा है। मुझसे पहले मेरे पिता जी और मेरे दादा जी को भी इस गांव से भरपूर प्यार व समर्थन मिला है। यहां से आशीर्वाद लेकर वो पहले पूरे हलके व फिर पूरे प्रदेश में जाएंगे और तबतक नहीं रुकेंगे जबतक प्रदेश में कांग्रेस की जीत का परचम नहीं लहराया जाता।

हुड्डा ने आज ब्राह्मणवाद, बसंतपुर, धामड़, रिठाल, कन्ही, जसिया, घिलौड़ खुर्द और घिलौड़ कलां का दौरा कर ग्रामीण सभाओं को संबोधित किया। तमाम गांववालों ने एकमत और एकजुट होकर उनके प्रति अपने समर्थन का ऐलान किया।

इस मौके पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा धांधली करके जीती है। राहुल गांधी ने तथ्यों के साथ इसका खुलासा किया है। इसलिए हमारी अगली लड़ाई सिर्फ भाजपा के खिलाफ नहीं, बल्कि ऐसी चुनावी धांधली के खिलाफ भी है।चुनाव आयोग या सत्ता पक्ष का टूलकिट?

3 में से 2 चुनाव आयुक्तों ने खुद चुनाव प्रक्रिया की धज्जियां उड़ने की पोल खोल दी है। 10 महीने में 14 बार एकतरफा फैसलों पर आपत्ति, वोटर लिस्ट में हेरफेर पर पर्दा डालना और फॉर्म 6 में अवैध बदलाव यह साफ दिखाता है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अकेले बैठकर चुनाव फिक्स कर रहे हैं।

राहुल गांधी की ‘वोट चोरी’ की चेतावनी बिल्कुल सच थी और हरियाणा में इसके द्वारा ही सत्ता चोरी की गई। SIR के नाम पर 13 करोड़ वोटरों का नाम कटना इसी तानाशाही का सबूत है। जिस संस्था पर लोकतंत्र को बचाने की जिम्मेदारी थी, वही आज सत्ता पक्ष की कठपुतली बनकर जनविरोधी काम कर रही है। यह भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला और संकटकालीन दौर है।

नेता प्रतिपक्ष ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि बीजेपी से जनता पूरी तरह नाउम्मीद हो चुकी है। कांग्रेस के कार्यकाल में हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश और रोजगार सहित विकास के हर पैमाने पर देश का नंबर वन राज्य था। लेकिन भाजपा ने उसे नशे, भ्रष्टाचार और अपराध में नंबर वन बना दिया। आज हालात यह हैं कि खुद केंद्र सरकार की रिपोर्ट हरियाणा को देश का सबसे असुरक्षित राज्य बताती है। अपराध का आलम यह है कि प्रदेश में 60 अपराधी गिरोह सक्रिय हैं। वो ना सिर्फ अपराध करते हैं, बल्कि उसके बाद उसकी जिम्मेदारी भी लेते हैं, क्योंकि उनमें सरकार और कानून-व्यवस्था का कोई डर नहीं है।

भाजपा ने हरियाणा की आर्थिक हालत इतनी खराब कर दी है कि 18 बड़े राज्यों में हरियाणा 14वें स्थान पर फिसल गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *