पंचकूला में बढ़ा क्रिकेट का जुनून *28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक ताऊ देवी लाल स्टेडियम में होंगे रोमांचक मुकाबले*

 

विक्रांत शर्मा/ रमोला न्यूज़ ब्यूरो 

पंचकूला, 25 सितंबर: युवाओं को खेलों से जोड़ने, ग्रामीण एवं छोटे शहरों की प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने और युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से आयोजित नमो टेनिस बॉल क्रिकेट लीग-2026 अब अपने निर्णायक चरण में पहुंच गई है। पंचकूला में 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक ताऊ देवी लाल स्टेडियम में लीग के रोमांचक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। देशभर से विभिन्न चरणों में शानदार प्रदर्शन कर पहुंची टीमें यहां खिताब के लिए अपना दमखम दिखाएंगी।

लीग की तैयारियों को लेकर तरुण भंडारी लगातार आयोजन टीम के साथ बैठकें कर रहे हैं और विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। आयोजन समिति का कहना है कि नमो क्रिकेट लीग केवल एक क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को खेल, अनुशासन और सकारात्मक सोच से जोड़ने का व्यापक अभियान है।

तरुण भंडारी ने कहा कि “क्रिकेट को हां, नशे को ना” का संदेश लेकर यह लीग युवाओं तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने का सशक्त माध्यम है। मैदान में मेहनत करने वाला युवा अपने भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारित करता है और टीम भावना, अनुशासन तथा नेतृत्व जैसे गुण सीखता है।

उन्होंने कहा कि लीग के माध्यम से उन खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है, जिन्हें बड़े मंच पर खेलने का मौका आसानी से नहीं मिल पाता। अलग-अलग क्षेत्रों से निकलकर खिलाड़ी अपने प्रदर्शन के दम पर आगे बढ़ रहे हैं और अब पंचकूला में होने वाले मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

*खिलाड़ियों पर होगी इनामों की बौछार*

नमो टेनिस बॉल क्रिकेट लीग-2026 का एक बड़ा आकर्षण खिलाड़ियों के लिए रखे गए आकर्षक पुरस्कार भी हैं। विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं उपविजेता टीम को 11 लाख रुपये, तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 5 लाख रुपये और चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 2.5 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

इसके साथ ही खिलाड़ियों के शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन को सम्मानित करने के लिए मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज सहित विभिन्न श्रेणियों में भी आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। इतनी बड़ी पुरस्कार राशि को लेकर खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

आयोजन समिति के प्रवक्ता मुकेश सिंगला ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और प्रतिभा को सम्मान देना लीग की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पंचकूला में होने वाले मुकाबलों को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

*संत-महात्माओं से लेकर फिल्म और क्रिकेट जगत की हस्तियां होंगी आकर्षण*

मुकेश सिंगला ने बताया कि पंचकूला में होने वाले इस विशेष चरण में संत-महात्माओं, बॉलीवुड कलाकारों, हरियाणवी, पंजाबी और राजस्थानी गायकों तथा क्रिकेट जगत की बड़ी हस्तियों के पहुंचने की भी संभावना है। इसके अलावा राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी प्रमुख हस्तियां भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगी। उन्होंने कहा कि आयोजन में खेल के साथ मनोरंजन और सामाजिक संदेश का भी विशेष समावेश रहेगा, ताकि खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों के लिए भी यह आयोजन यादगार बन सके।

*देशभर की प्रतिभाओं को मिला बड़ा मंच*

नमो क्रिकेट लीग के विभिन्न चरणों में बड़ी संख्या में टीमों और खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है। अलग-अलग क्षेत्रों में मुकाबलों के बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमें आगे बढ़ी हैं। अब पंचकूला में पहुंचने वाली टीमें खिताब और आकर्षक पुरस्कारों के लिए मैदान में उतरेंगी।

तरुण भंडारी ने कहा कि लीग का उद्देश्य केवल विजेता चुनना नहीं, बल्कि युवाओं की प्रतिभा को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजनों को बढ़ावा दिया जाएगा।

उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे अनुशासन और खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लेने की अपील की तथा पंचकूला के खेल प्रेमियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने का आह्वान किया।

28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक ताऊ देवी लाल स्टेडियम में होने वाले इन मुकाबलों को लेकर पंचकूला में क्रिकेट प्रेमियों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। अब नजरें इस बात पर रहेंगी कि देशभर से पहुंची टीमें किस तरह का प्रदर्शन करती हैं और 21 लाख रुपये के प्रथम पुरस्कार पर कौन-सी टीम कब्जा जमाती है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *