हेमंत कुमार (रमोला न्यूज़ ब्यूरो )
कालका,30सितंबर
राजकीय महाविद्यालय कालका की प्राचार्या डॉक्टर सीमा सिंह के कुशल नेतृत्व और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ रविंद्र श्योराण के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला स्वास्थ्य एवं मासिक धर्म स्वच्छता विषय पर एक जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को महिला स्वास्थ्य, मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, संतुलित आहार तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करना था। इस शिविर का आयोजन महाविद्यालय की महिला प्रकोष्ठ द्वारा किया गया।
श्रीमती सोनिया गुप्ता, रोटरी क्लब, कालका की अध्यक्षा ने छात्राओं को मासिक धर्म से जुड़ी विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जानकारियाँ प्रदान कीं। व्याख्यान का उद्देश्य छात्राओं को महिला स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वस्थ जीवन शैली और महिलाओं से संबंधित स्वास्थ्य मुद्दों पर खुलकर और आत्मविश्वास से चर्चा करने के महत्व के बारे में जागरूक करना था।
उन्होंने बताया कि मासिक धर्म महिलाओं के जीवन का एक स्वाभाविक एवं सामान्य शारीरिक चक्र है, इसलिए इसके संबंध में किसी भी प्रकार की झिझक या संकोच नहीं होना चाहिए। उन्होंने व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, स्वच्छ सैनिटरी उत्पादों के उचित उपयोग एवं समय-समय पर उन्हें बदलने तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
व्याख्यान के दौरान छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, पौष्टिक एवं संतुलित आहार, पर्याप्त पानी पीने, व्यक्तिगत साफ-सफाई तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति सजग रहने के बारे में उपयोगी जानकारी दी गई। साथ ही, छात्राओं को यह भी समझाया गया कि किसी भी असामान्य स्वास्थ्य समस्या या लगातार परेशानी होने पर योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए।
रोटरी क्लब के कालका हेरिटेज के चार्टर अध्यक्ष श्री नवीन गुप्ता ने इस पहल का समर्थन किया और विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक कल्याण से संबंधित जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। कालका हिल्स इनर व्हील क्लब की पूर्व अध्यक्षा श्रीमती संगीता राणा ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया और महिलाओं के स्वास्थ्य और कल्याण के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य का समर्थन किया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ द्वारा सरल एवं उपयोगी तरीके से समाधान किया गया।
कार्यक्रम का समापन एसोसिएट प्रोफेसर डॉ बिंदु शर्मा के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला प्रकोष्ठ की संयोजक एसोसिएट प्रोफेसर सुनीता चैहान और सदस्य डॉ नीरू शर्मा, डॉ गीता, डॉक्टर शबनम अरोड़ा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

