रमोला न्यूज़ ब्यूरो
पंचकूला/ 3 अक्टूबर:- पंचकूला पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने हेरोइन तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने 1 अक्टूबर को पहले सेक्टर-26 स्थित हर्बल पार्क के पास से 31 ग्राम हेरोइन के साथ संदीप कुमार उर्फ सैंडी निवासी गांव मटौर, जिला कैथल को काबू किया। बरामद हेरोइन की कीमत 6 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। आरोपी से पूछताछ में सामने आए सप्लायर बलविन्द्र सिंह उर्फ विक्की निवासी जिला लुधियाना को भी पुलिस ने पंजाब के ढकौली से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ पंचकूला के चंडीमंदिर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
एसीपी क्राइम अमन कुमार के अनुसार एंटी नारकोटिक सेल को 1 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि संदीप कुमार उर्फ सैंडी पंचकूला और आसपास के क्षेत्र में हेरोइन की सप्लाई करता है तथा सेक्टर-26 हर्बल पार्क के पास किसी ग्राहक को नशीला पदार्थ देने आने वाला है। सूचना के आधार पर इंचार्ज सौरव रावत की अगुवाई में टीम ने मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू की और पार्किंग में खड़े एक युवक की पहचान संदीप कुमार के रूप में की, जिसके बाद उसे काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी से 31 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार जांच में यह भी सामने आया है कि संदीप कुमार के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट से संबंधित 4 मामले दर्ज है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान नशे की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों और ठिकानों की जानकारी जुटाने के साथ-साथ संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि पंचकूला में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले आरोपियों तक पहुंचने के साथ-साथ उनके पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर उसके खिलाफ कार्रवाई करना है।

