तिलक चंद रमोला नौगांव : विकासखंड नौगांव के अंतर्गत ग्राम कंडारी के घुंजवाड़ा बंधुओं एवं उनके परिवार व क्षेत्र के दर्जनों गांव के लोगों की उपस्थिती में अपनी वयोवृद्ध माता श्रीमती जगदम्बा देवी के 100 वर्ष पूर्ण होने पर शतायु जन्मोत्सव बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया।
इस अवसर पर कण्डारी गांव में एक सम्मान समारोह आयोजित कर विशाल भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, ग्रामवासियों तथा दूर-दराज के गांवों से पहुंचे लोगों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शतायु जगदम्बा देवी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। अपने जीवन के सौ बसंत पूरे करने की खुशी में जगदम्बा देवी ने केक काटकर उत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्हें फूल-मालाएं, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। परिवारजनों एवं आगंतुकों के प्रति उन्होंने आभार भी व्यक्त किया।
घुंजवाड़ा बंधुओं गजेन्द्र गौड़, लोकेन्द्र गौड़, राजेन्द्र प्रसाद गौड़, वीरेन्द्र गौड़, नरेन्द्र गौड़ एवं उपेन्द्र गौड़ ने बताया कि उनकी माता ने जीवनभर किसी प्रकार की दवा का सेवन नहीं किया और आज भी पूर्णतः स्वस्थ हैं। उन्होंने बताया कि सौ वर्ष की आयु में भी वह अपने दैनिक कार्य स्वयं करती हैं।
क्षेत्र पंचायत सदस्य शीतल गौड़ ने बताया कि उनकी दादी के शतायु होने पर पूरे परिवार में खुशी का माहौल है और इसे वे अपने जीवन का सौभाग्यपूर्ण क्षण मानते हैं।
इस अवसर पर राज्य मंत्री श्याम डोभाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण सिंह चौहान, पूर्व दर्जाधारी राज्य मंत्री चमन सिंह चौहान, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य अनिता नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य शीतल गौड़, व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष जगदीश असवाल, प्रधान संगठन ब्लॉक अध्यक्ष त्रेपन सिंह रावत सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दो दर्जन से अधिक गांवों के लोगों ने प्रतिभाग कर शतायु माता को शुभकामनाएं दीं।
