पंचकूला, 26 नवंबर : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर, सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कल 27 नवंबर को प्रातः 10 बजे संस्कृत गुरुकुल, श्री माता मनसा देवी मंदिर परिसर से इलेक्ट्रिक हॉप-ऑन हॉप-ऑफ बस सेवा का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
हरियाणा रोडवेज, पंचकूला के महाप्रबंधक श्री सुखदेव सिंह ने बताया कि इस बस सेवा के शुरू होने से पंचकूला और आसपास के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों को सुविधाजनक और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने बताया कि इस सेवा के तहत दो इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जाएंगी। दोनों बसों के निर्धारित रूट की कुल लंबाई लगभग 28 से 29 किलोमीटर होगी। ये बसें बस स्टैंड श्री माता मनसा देवी मंदिर, चंडी मंदिर, पिंजौर गार्डन और काली माता मंदिर, कालका को आपस में जोड़ेंगी। इस सेवा के लिए प्रति यात्री 110 रुपये का किफायती किराया निर्धारित किया गया है, जिसके तहत यात्री एक दिन तक इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। प्रत्येक बस प्रतिदिन छह राउंड ट्रिप लगाएगी।
महाप्रबंधक ने बताया कि बसों की समय-सारणी श्री माता मनसा देवी मंदिर, चंडी मंदिर और काली माता मंदिर, कालका में होने वाली आरती के समय को ध्यान में रखते हुए निर्धारित की गई है, ताकि श्रद्धालु धार्मिक स्थलों पर आसानी से दर्शन करने के साथ-साथ आरती में भी शामिल हो सकें।
उन्होंने कहा कि यह पहल पर्यावरण-अनुकूल इलेक्ट्रिक परिवहन को बढ़ावा देने के साथ-साथ पंचकूला के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम नागरिकों को सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की यह पहल पंचकूला को आधुनिक, स्वच्छ एवं पर्यटन-अनुकूल शहर के रूप में विकसित करने तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
