संविधान की मूल भावना को अपने व्यवहार और कार्यशैली में आत्मसात करें अधिकारी एवं कर्मचारी : उपायुक्त

 

पंचकूला, 26 नवंबर : संविधान दिवस के अवसर पर आज लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने भारत के संविधान निर्माता एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी संविधान के प्रति अपनी आस्था, सम्मान और प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करवाया तथा संविधान में निहित आदर्शों, सिद्धांतों एवं मूल्यों के प्रति निष्ठा रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से संविधान की मूल भावना के अनुरूप कार्य करने, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने तथा अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की मजबूत नींव है। यह प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूलभूत आदर्शों को स्थापित करता है। संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक जीवन जीने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी का अधिकार दिया है।

उन्होंने कहा कि संविधान दिवस केवल संवैधानिक अधिकारों को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि यह हमें अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक करता है। संविधान में निहित मूल्यों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर अपने व्यवहार, कार्यशैली और दैनिक जीवन में अपनाना आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह देश की एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को बनाए रखने में सक्रिय योगदान दे।

उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि वे जनसेवा के प्रत्येक कार्य में संविधान की भावना को सर्वोपरि रखें। आमजन को पारदर्शी, निष्पक्ष, संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध करवाना प्रत्येक सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जब प्रशासनिक व्यवस्था संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप कार्य करती है, तभी लोकतंत्र और जनविश्वास और अधिक मजबूत होता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की गरिमा बनाए रखने, लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने तथा देश की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर एसडीएम पंचकूला श्रीमती मन्नत राणा, नगराधीश सुश्री जागृति, तहसीलदार पंचकूला श्री सुरेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

*********

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *