रोमी सिंह/ रमोला न्यूज़
पंचकूला,15 अप्रैल: अनाज मंडी में फसल खरीद के दौरान सरकार द्वारा लागू की गई बायोमैट्रिक हाजिरी और ट्रैक्टर नंबर अपलोड प्रणाली के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बायोमैट्रिक हाजिरी पूरी न होने के कारण किसान अपनी फ़सल मंडी में लाने में काफी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। किसानो एवं आढ़तियों की समस्या को जानने बुधवार को जेजेपी के पंचकूला जिला अध्यक्ष ओ पी सिहाग के नेतृत्व में जेजेपी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के सी भारद्वाज ,हरबंस सिंगला, अशोक सिंगला,राजेश निषाद, सुरिन्दर चड्डा,रणधीर पंवार,हरदीप सिंह शाहपुर ने पंचकूला अनाज मंडी का दौरा किया तथा किसानो एवं वहां मौजूद आढ़तियों से आ रही समस्याओं बारे उनसे चर्चा की ।
जजपा ज़िला अध्यक्ष ओ पी सिहाग ने कहा कि आज किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक तरफ मौसम की मार से किसान पहले ही प्रभावित है और दूसरी तरफ सरकार की नई नीतियों ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि बायोमैट्रिक हाजिरी और ट्रैक्टर नंबर प्रणाली के कारण खरीद प्रक्रिया धीमी हो रही है। आज किसान अपनी फ़सल को मंडी में लाने से डर रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द पुरानी व्यवस्था लागू की जाए तथा पूरी फ़सल शीघ्र खरीद कर 24 घण्टे मे उनके खातों में फ़सल के दाम डाले जाए। उन्होंने सरकार से किसानों के हित में तत्काल निर्णय लेने की मांग करते हुए कहा कि किसान देश की रीढ़ है और उसकी समस्याओं का समय रहते समाधान होना बेहद जरूरी है।
बायोमैट्रिक हाजिरी और ट्रैक्टर नंबर प्रणाली से किसान परेशान – ओ पी सिहाग
