सुरेंद्र सिंह /रमोला न्यूज़
पिंजौर :
शिवालिक विकास मंच प्रदेश अध्यक्ष एवं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव विजय बंसल एडवोकेट ने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को ज्ञापन भेज कर एशिया के सबसे बड़े और महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र बद्दी से पिंजौर तक फोरलेन सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने की मांग की है। केंद्र की भाजपा सरकार पर गलत एवं जन विरोधी नीतियों को लागू करने की वजह से विकास कार्यों में आ रही अडचनों का आरोप लगाते हुए बताया कि नालागढ़/बद्दी से पिंजौर तक प्रस्तावित लगभग 38 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क परियोजना बीते 8 वर्षों से अधर में लटकी हुई है। इस अवधि में महज 18 किलोमीटर सड़क का ही निर्माण हो पाया है, जबकि शेष 17 किलोमीटर के लिए टेंडर प्रक्रिया 17 बार टल चुकी है। विजय बंसल ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा राजनीतिक उपेक्षा के कारण लगातार हो रही देरी का सीधा असर न केवल हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बल्कि हरियाणा के दून क्षेत्र की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि केवल इतना ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों से भी औद्योगिक क्षेत्र में आने वाले कच्चे माल के समय पर न पहुंचने के कारण दूसरे राज्यों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है
विजय बंसल एडवोकेट ने बताया कि एशिया के सबसे बड़े और हिमाचल प्रदेश की फाइनेंस कैपिटल कहीं जाने वाली औद्योगिक क्षेत्र बद्दी, नालागढ़ जो देश के प्रमुख औद्योगिक हब में से एक है, वहां से प्रतिदिन हजारों ट्रक और छोटे वाहन कच्चे माल और तैयार उत्पादों के परिवहन के लिए पिंजौर के रास्ते चंडीगढ़ अंबाला दिल्ली एवं देश के विभिन्न राज्यों में आगे के क्षेत्रों की ओर जाते हैं। लेकिन टूटी-फूटी सिंगल लेन सड़क के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो जाती है और कई किलोमीटर लंबे ट्रैफिक जाम अब आम बात बन गए हैं।
विजय बंसल एडवोकेट ने बताया कि सड़क निर्माण में देरी होने के कारण हरियाणा एवं हिमाचल प्रदेश के स्थानीय लोग और उद्योगपति भी दुखी है क्योंकि उनका कहना है कि खराब सड़क की वजह से न केवल समय और ईंधन की बर्बादी हो रही है बल्कि सड़क हादसों में भी लगातार वृद्धि देखी जा रही है लोगों के समय की और पैसे की भी बर्बादी हो रही है। उन्होंने बताया कि कई जगहों पर गड्ढों और संकरी सड़क के कारण वाहन आमने-सामने आ जाते हैं जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। बारिश में तो सड़क का और भी पूरा हाल हो जाता है लोगों का जर्जर हाल की सड़क के ऊपर से गुजरना मुश्किल हो जाता है क्योंकि गढ़ों में बारिश का पानी इकट्ठा हो जाता है।
विजय बंसल ने बताया कि कालका विधानसभा क्षेत्र एवं पिंजौर ब्लॉक के दून क्षेत्र के निवासी भी इस समस्या से अछूते नहीं हैं। दूरदराज के स्कूल, कॉलेज में जाने वाले छात्र पिंजौर, कालका पंचकूला, चंडीगढ़ इलाज करवाने के लिए जाने वाले मरीज और रोजाना कामकाज के लिए आने-जाने वाले लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है। जिससे स्कूल बसों, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं को भी इससे भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विजय बंसल ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रशासनिक स्तर पर बार-बार टेंडर प्रक्रिया के रद्द होने और नए सिरे से टेंडर शुरू होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। विजय बंसल एडवोकेट ने केंद्र एवं राज्य सरकार से इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के विकास को गति मिल सके और आमजन को राहत मिल सके।
विजय बंसल एडवोकेट ने कहा है कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं निकाला गया, तो यह परियोजना न केवल विकास में बाधा बनी रहेगी, बल्कि लोगों की परेशानियां भी लगातार बढ़ती जाएंगी। उन्होंने कहा यदि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर सड़क निर्माण का कार्य आरंभ ना किया गया तो वह अदालत का दरवाजा खटखटाना पर मजबूर होंगे।
