महिला आरक्षण पर बीजेपी का विरोध सिर्फ दिखावा, केन्द्र सरकार की नीयत साफ नही- प्रदीप चौधरी

 

रोमी सिंह/ रमोला न्यूज़

पंचकूला। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कालका से पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर सिर्फ राजनीतिक दिखावा कर रही है। हाल ही में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 में लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान किया गया है, लेकिन इसे लागू करने को जनगणना और परिसीमन (डिलिमिटेशन) से जोड़ दिया गया है, जिससे इसकी वास्तविक शुरुआत में देरी हो रही है।

प्रदीप चौधरी ने कहा कि यदि केंद्र सरकार की नीयत साफ होती, तो मौजूदा सीटों पर ही महिला आरक्षण तुरंत लागू किया जा सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है ताकि चुनावी फायदा लिया जा सके।

कांग्रेस नेता ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के लिए ठोस और त्वरित कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा महिला सशक्तिकरण के पक्ष में रही है और उसकी मांग है कि महिला आरक्षण को बिना किसी देरी के तुरंत प्रभाव से लागू किया जाए। वहीं भाजपा इस मुद्दे को चरणबद्ध प्रक्रिया के नाम पर लंबित रख रही है, जो महिलाओं के अधिकारों के साथ न्याय नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *