कोमल रमोला /रमोला न्यूज़
पंचकूला : दिनांक: 1 मई,: वार्ड नम्बर 6 से भारतीय जनता पार्टी के युवा एवं ऊर्जावान प्रत्याशी पार्थ गुप्ता के चुनाव कार्यालय का शुभारंभ आज पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री कंवरपाल गुर्जर ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय पंचकूलावासी उपस्थित रहे, जिससे क्षेत्र में चुनावी माहौल और भी गरमाता नजर आया।
अपने संबोधन में श्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि पार्थ गुप्ता एक होनहार, शिक्षित और कर्मठ युवा हैं, जो प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा के महापौर प्रत्याशी श्री श्याम लाल बंसल और वार्ड-6 से पार्थ गुप्ता पंचकूला के विकास को नई गति देगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा की प्रचंड लहर चल रही है और आने वाले चुनावों में विपक्ष का पूरी तरह सफाया तय है। पंचकूला में भाजपा के महापौर सहित कम से कम 17 पार्षदों की जीत सुनिश्चित है।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में उन्होंने पंचकूला को विकसित बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा कि अब “ट्रिपल इंजन सरकार” के गठन के बाद विकास कार्यों में और तेजी आएगी तथा पंचकूला नई ऊंचाइयों को छुएगा।
युवा प्रत्याशी श्री पार्थ गुप्ता ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे वार्ड नम्बर 6 को एक मॉडल वार्ड के रूप में विकसित करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
इस दौरान कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती बंतो कटारिया, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री दीपक शर्मा, पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी, माता मनसा देवी मंडल अध्यक्ष श्री प्रमोद वत्स, प्रिया मित्तल, मंडल महामंत्री सौरव मनचंदा, अमित शर्मा, शक्ति केंद्र प्रमुख संदीप कटोच एवं कृष्ण धुल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
