कोमल रमोला/ रमोला न्यूज़
पंचकूला: वार्ड नम्बर 6 से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी पार्थ गुप्ता ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलकर “विजयी भव” का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर सर्वसमाज द्वारा आयोजित भाजपा समर्थन रैली में भी उन्होंने भाग लिया और मुख्यमंत्री से मार्गदर्शन लिया।
पार्थ गुप्ता ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने एक युवा और शिक्षित उम्मीदवार पर विश्वास जताकर युवाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार पिछले लगभग 50 वर्षों से पार्टी और समाज सेवा में समर्पित रहा है, और वे अपने दादा एवं वरिष्ठ नेता ज्ञान चन्द गुप्ता के पदचिह्नों पर चलते हुए जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इससे पूर्व पार्थ गुप्ता ने सेक्टर 16, 17 और 18 में आयोजित इनडोर बैठकों में भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के साथ सहभागिता की और अपनी कार्यशैली तथा विकास दृष्टि से मतदाताओं को अवगत कराया।
उन्होंने वार्डवासियों से अपील करते हुए कहा कि 10 मई को भाजपा के कमल का बटन दबाकर एक युवा, शिक्षित और मेहनती उम्मीदवार को विजयी बनाकर वे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान दें।
