कोमल रमोला/ रमोला न्यूज़
पंचकूला: नगर निगम चुनाव के मद्देनज़र कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने पंचकूला बार एसोसिएशन में आयोजित एक सभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार और अवसरवादी राजनीति में लिप्त है तथा उसका विकास से कोई सरोकार नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार घोटालों की सरकार बनकर रह गई है, जहां एक घोटाले की आंच ठंडी भी नहीं पड़ती कि दूसरा सामने आ जाता है। सुरजेवाला ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब पंजाब के नज़दीकी शहर मोहाली में इंडस्ट्रियल, आईटी, मेडिकल और टूरिज्म हब विकसित हो सकते हैं, तो पंचकूला में ऐसा क्यों नहीं हो पा रहा।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा जनहित में काम करने की नहीं है। यह नहीं चाहती कि आम जनता शिक्षित और सशक्त बने, क्योंकि जागरूक नागरिक अपने अधिकारों की मांग करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अनावश्यक और भारी-भरकम टैक्स लगाकर जनता को परेशान कर रही है।
सुरजेवाला ने कहा कि आज आम आदमी महंगाई की मार झेल रहा है, वहीं दूसरी ओर उसे बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।
कांग्रेस की विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा विकास और जनकल्याण के मार्ग पर चलती है। उन्होंने कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी का समर्थन करते हुए कहा कि उम्मीदवार मेहनती, कर्मठ, ईमानदार और एक प्रतिष्ठित परिवार से संबंध रखती हैं।
उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि उन्हें मौका दिया जाता है, तो वे निश्चित रूप से जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगी और पंचकूला के समग्र विकास के लिए कार्य करेंगी। इस कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद, कर्मवीर बौद्ध, पंचकूला विधायक चंद्र मोहन, कांग्रेस मेयर प्रत्याशी, सुधा भारद्वाज, रविंदर रावल, रणधीर राणा, दीपांशु बंसल, विजय बंसल, नरेश मान, उदय मेहंदीरत्ता, चारु चावला, कमल दहिया, यशपाल खन्ना, पवन कुमार, राजवीर राणा ,सतीश कादियान , सलीम दबकौरी रणधीर मलिक, सविता चौहान, सुनीता मान, रणविजय एवं कई कांग्रेस के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इंडस्ट्रियल, आईटी, मेडिकल और टूरिज्म हब जब मोहाली में संभव हैं, तो पंचकूला में क्यों नहीं: रणदीप सुरजेवाला*
