बोर्ड परीक्षा परिणाम की समीक्षा के साथ मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान

तिलक चंद रमोला नौगांव: राजकीय इंटर कॉलेज कण्डारी, नौगांव (उत्तरकाशी) में हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं के साथ “परीक्षा-समीक्षा” बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आत्ममंथन, भविष्य की तैयारी तथा बेहतर शैक्षिक दिशा के लिए प्रेरित करना रहा।
विद्यालय के हाई स्कूल परीक्षा परिणाम में शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त होने पर विद्यालय परिवार ने खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं पूजा गौड़, खुशी चौहान, कनिका गौड़ तथा छात्र रचित गौड़, अनमोल राणा और कृष गौड़ को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कक्षा 6 से 10 तक के कक्षा अध्यापक रहे अनिल प्रसाद बहुगुणा ने विद्यार्थियों के समग्र प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी बोर्ड परीक्षा के अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम संयोजक एवं कला शिक्षक सुरक्षा रावत ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह समय आत्मचिंतन का है और पिछली गलतियों से सीख लेकर भविष्य को बेहतर दिशा देने की आवश्यकता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश लाल ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जीवन में आगे क्या करना है, इसका लक्ष्य विद्यार्थियों को अभी से निर्धारित करना चाहिए। उन्होंने विद्यालय में पहली बार आयोजित इस प्रकार की “परीक्षा-समीक्षा” पहल को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी प्रयास बताया।
कार्यक्रम में शिक्षक विशंभर प्रसाद नौटियाल एवं इंद्र सिंह नेगी सहित दिव्या गौड़, खुशी चौहान, कनिका गौड़, पूजा गौड़, तनवी, सोनाक्षी, वंशिका, सुनाक्षी, मोनिका, ऋषिका, सिमरन, अंशिका, राधिका, कृष गौड़, अनमोल राणा, रचित गौड़, किशन, सोबिन एवं विद्यालय परिवार का विशेष सहयोग रहा। अंत में सूक्ष्म जलपान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *