दिव्यांग सेवा सबसे बड़ी सेवा : श्याम डोभाल

तिलक चंद रमोला नौगांव : अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री श्याम डोभाल ने परमार्थ विजय पब्लिक स्कूल दिव्यांग छात्रावास तुनाल्का पहुंचकर दिव्यांग छात्रों से मुलाकात की और विद्यालय की गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए विद्यालय प्रबंधन के कार्यों की सराहना की।
अपने संबोधन में राज्य मंत्री श्याम डोभाल ने कहा कि विद्यालय द्वारा दिव्यांग छात्रों के लिए किए जा रहे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों की सेवा सबसे बड़ी सेवा है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें सहयोग करना चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग से संबंधित जो भी उद्देश्य और योजनाएं होंगी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा तथा विद्यालय की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में दिव्यांग छात्रों ने अतिथियों के स्वागत में “स्वागत है, वंदन है, अभिनंदन है” गीत प्रस्तुत किया। साथ ही रवांई लोकगीत “ओ मेरी गैलियाणी” और “सुण ली मेरी बात, सुणाली बिंग्याली” की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर तुनाल्का वार्ड के जिला पंचायत सदस्य विजय प्रकाश बंधानी एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष मीना रावत ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए इसे दिव्यांगों के लिए सेवा और समर्पण की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा दिव्यांग छात्रों को निःशुल्क सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जो सराहनीय कार्य है।
विद्यालय प्रबंधन ने भवन निर्माण की मांग भी उठाई और बताया कि विद्यालय पिछले 27 वर्षों से संघर्ष करते हुए दिव्यांग बच्चों की सेवा में निरंतर कार्य कर रहा है।
इस मौके पर उज्ज्वला रावत, अध्यक्ष विजय लक्ष्मी जोशी, प्रबंधक बिरेंद्र जोशी, मनवीर परमार, कृपाल राणा, सचिन, अंजना सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *