रंवाल्टा समाज को अनुसूचित जनजाति में शामिल करने की मांग तेज

 

रमोला न्यूज नौगांव: जनपद उत्तरकाशी की रंवाल्टा जाति को अनुसूचित जनजाति (एसटी) की सूची में शामिल किए जाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर रंवाल्टा समाज की वर्षों पुरानी मांग पर सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

पत्र में कहा गया है कि यमुना, टौंस एवं गंगा घाटी में निवास करने वाला रंवाल्टा समाज अपनी विशिष्ट संस्कृति, भाषा-बोली, रीति-रिवाज और पारंपरिक जीवन शैली के कारण अन्य जनजातीय समुदायों से मेल खाता है। समाज आज भी अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए क्षेत्र और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि रंवाल्टा समाज लंबे समय से अनुसूचित जनजाति का दर्जा मिलने की मांग कर रहा है, लेकिन अब तक समुदाय को इसका लाभ नहीं मिल पाया है। इससे समाज के लोग विभिन्न संवैधानिक और शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि उत्तरकाशी जनपद की रंवाल्टा जाति को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल किए जाने हेतु आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर भारत सरकार को भेजा जाए, ताकि समाज की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक विरासत का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *