अंजना भंडारी/ रमोला न्यूज़
टिहरी गढ़वाल, 4 जून सेम मुखेम स्थित भगवान श्री सेम नागराजा गंगू रमोला धाम के विकास एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ग्राम मुखेम निवासी श्री कृष्ण चंद रमोला ने एक सराहनीय पहल करते हुए धर्मशाला निर्माण हेतु भूमि श्री सेमनागराज गंगू रमोला समाज सेवा समिति को दान कर दी है। भूमि दान की रजिस्ट्री जिला टिहरी स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में विधिवत संपन्न हुई।
समिति द्वारा इस भूमि पर एक भव्य एवं आधुनिक धर्मशाला का निर्माण किया जाएगा, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों को रात्रि विश्राम एवं आवास की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। धर्मशाला में श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।
भूमि दान के अवसर पर श्री कृष्ण चंद रमोला के साथ श्री विपिन चंद रमोला एवं श्री नवीन चंद रमोला उपस्थित रहे। वहीं समिति की ओर से अध्यक्ष श्री प्रकाश चंद रमोला, सचिव श्री रमेश चंद रमोला, कोषाध्यक्ष श्री हिम चंद रमोला, जिला अध्यक्ष टिहरी श्री भगवान चंद रमोला, जिला अध्यक्ष देहरादून श्री उम्मेद चंद रमोला तथा सदस्य श्री उत्तम चंद रमोला मौजूद रहे।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि धर्मशाला का निर्माण श्रद्धालुओं की सुविधा और समाज की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेम मुखेम धाम में प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन रात्रि विश्राम की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। धर्मशाला बनने से यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।
समिति ने भूमि दान के लिए श्री कृष्ण चंद रमोला एवं उनके परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत रहेगा। साथ ही समाज के अन्य लोगों से भी धर्मशाला निर्माण में सहयोग देने की अपील की गई है।
रमोला परिवार की सभी सदस्यों को अपने संदेश में समिति के अध्यक्ष प्रकाश चंद रमोला ने कहा की बड़े हर्ष के साथ आप सभी को सूचित करता हुँ कि आप सभी की भावनाओ के अनुसार हमारे पूर्वज गढ़पति श्री गंगू रमोला जी के पुण्य भूमि सेम मुखेम के मडभागी सौड में भाई-बंधुओ व तीर्थ यात्रियो के रुकने के लिए धर्मशाला बनाने के हेतु ग्राम -मुखेम निवासी बड़े भाई साहब श्री कृष्ण चन्द रमोला जी द्वारा 200 वर्ग मीटर यानि 1 नाली भूमि हमारी समिति श्री सेम नागराज गंगू रमोला समाज सेवा समिति को दिनांक 2/6/26 को दान दे दी है जिसकी रजिस्टर कार्यालय नई टिहरी में रजिस्ट्री भी हो गई है ।मै समिति व सभी भाई बंधुओं की और से भूमि दान कर्ता श्री कृष्ण चन्द रमोला जी का धन्यवाद एव आभार व्यक्त करता हूँ ।
आप सभी के सहयोग एव प्रयास से आने वाले समय मे धर्मशाला निर्माण का कार्य प्रारम्भ होगा ।
कई दिनों से इस कार्य में लगे समिति के पधादिकारियों सहित सभी भाई- बंधुओं का भी हार्दिक आभार करता हूँ ।
यहां आपको बता दें कि समिति का गठन कुछ वर्ष पूर्व हुआ था और इस समिति को भूमि दान में मिल गई है जिससे सभी रमोला परिवार में खुशी की लहर है और उन्हें एक स्थाई भवन बनाने का मौका मिल गया है और यह रमोला परिवार के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा और समिति बढ़-चढ़कर समाज की सेवा करेगी .
कृष्ण चंद रमोला ने सेम मुखेम में धर्मशाला निर्माण हेतु अपनी भूमि समिति को दान की
