मेरु सेवा समिति 21 जून को करेगी योग शिक्षकों का सम्मान, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी होंगे मुख्य अतिथि

 

रोमी सिंह /रमोला न्यूज़

पंचकूला, 18 जून। मेरु सेवा समिति द्वारा आगामी 21 जून, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर समाज में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने वाले योग शिक्षकों के सम्मान में एक विशेष समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शाम 6 बजे मकान नंबर 225 के सामने स्थित पार्क में आयोजित होगा।

इस गरिमामयी समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव श्री तरुण भंडारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं वार्ड पार्षद श्रीमती अनुराधा पुरी विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी। इस अवसर पर क्षेत्र में योग के प्रचार-प्रसार और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने वाले योग शिक्षकों एवं योग गुरुओं को सम्मानित किया जाएगा।

मेरु सेवा समिति की पदाधिकारी चारू तायल एवं मुदिता शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो तन, मन और आत्मा को स्वस्थ एवं संतुलित रखने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि समाज में नि:स्वार्थ भाव से योग का ज्ञान बांटने वाले शिक्षकों का सम्मान करना वास्तव में उनके योगदान को नमन करने जैसा है।

समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होकर योग शिक्षकों का उत्साहवर्धन करने तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस विशेष आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। यह कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य जागरूकता, सकारात्मक सोच और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *