विक्रांत शर्मा /रमोला न्यूज़
पंचकूला, 16 जुलाई। स्वर्गीय सुदेश भण्डारी जी के अवतरण दिवस के पावन अवसर पर पंचकूला के विभिन्न क्षेत्रों में चार स्थानों पर सी.पी.आर. (Cardio Pulmonary Resuscitation) प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया गया। यह जनहितकारी अभियान वार्ड नंबर-11 की पार्षद श्रीमती अनुराधा पुरी, वार्ड नंबर-2 की पार्षद डॉ. परमजीत कौर एवं वार्ड नंबर-13 के पार्षद श्री दीपक गर्ग के सहयोग से आयोजित किया गया। सेक्टर-26 स्थित ट्रिब्यूट मित्र विहार में कुरेसिया अस्पताल के सहयोग से भी विशेष सी.पी.आर. प्रशिक्षण शिविर लगाया गया।
सेक्टर-12A स्थित सार्थक स्कूल में आयोजित शिविर में हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव श्री तरुण भण्डारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि सी.पी.आर. का प्रशिक्षण प्रत्येक नागरिक के लिए जीवनरक्षक कौशल है। आपातकालीन स्थिति में समय पर दिया गया सी.पी.आर. किसी व्यक्ति का जीवन बचा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सुदेश भण्डारी जी की स्मृति में आयोजित ऐसे कार्यक्रम समाज में सेवा, जागरूकता और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।
शिविरों के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, महिलाओं, युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों को सी.पी.आर. की सही तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया तथा हृदयाघात और अन्य आपात स्थितियों में प्राथमिक उपचार की महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
वार्ड-11 की पार्षद श्रीमती अनुराधा पुरी ने कहा कि स्वर्गीय सुदेश भण्डारी जी की स्मृति में आयोजित यह प्रशिक्षण शिविर समाज के लिए एक सार्थक पहल है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार में कम से कम एक व्यक्ति सी.पी.आर. का प्रशिक्षण प्राप्त कर ले, तो अनेक अनमोल जीवन बचाए जा सकते हैं।
वार्ड-2 की पार्षद डॉ. परमजीत कौर ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सी.पी.आर. का ज्ञान केवल चिकित्सकों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसकी जानकारी होनी चाहिए ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
वार्ड-13 के पार्षद श्री दीपक गर्ग ने कहा कि समाज की सच्ची सेवा वही है, जो किसी की जान बचाने में सहायक बने। उन्होंने कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों को ऐसे प्रशिक्षण शिविरों से जोड़ना समय की आवश्यकता है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंग
कार्यक्रमों में विद्यालय प्रबंधन, रेड क्रॉस सोसायटी के प्रतिनिधि, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। सभी ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी अधिक से अधिक लोगों को सी.पी.आर. प्रशिक्षण से जोड़ने का संकल्प लिया।
स्वर्गीय सुदेश भण्डारी जी के अवतरण दिवस पर पंचकूला में चार स्थानों पर सी.पी.आर. प्रशिक्षण शिविर आयोजित, जनजागरूकता का दिया संदेश
