छात्रों पर लाठीचार्ज और कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने उपायुक्त पंचकूला को सौंपा ज्ञापन, डीसी कार्यालय के बाहर दिया धरना

 

विक्रांत शर्मा /रमोला न्यूज़ ब्यूरो

पंचकूला।

देशभर के छात्र अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर रहे थे, जिन पर सरकार द्वारा लाठीचार्ज किया गया। वहीं, पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी जब प्रधानमंत्री आवास के बाहर शांतिपूर्ण धरने पर बैठे, तो उन्हें भी हिरासत में ले लिया गया।

इन घटनाओं के विरोध में आज पंचकूला विधायक श्री चंद्र मोहन तथा कालका के विधायक श्री प्रदीप चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त पंचकूला को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इसके उपरांत जिला उपायुक्त कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण धरना देकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया।

इस अवसर पर श्री चंद्र मोहन ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार छात्रों और युवाओं की लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाने का प्रयास कर रही है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग करना तथा विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस छात्रों, युवाओं और देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है और आगे भी पूरी दृढ़ता एवं संकल्प के साथ उनकी आवाज़ बुलंद करती रहेगी।

इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व विधायक श्री लहरी सिंह तथा समस्त जिला कांग्रेस कमेटी, पंचकूला के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *