मोहाली, 27 जुलाई:( हरमिंदर नागपाल रामोला न्यूज)
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा पंजाब के वरिष्ठ नागरिकों के लिए शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत आज विधानसभा हलका मोहाली से विधायक कुलवंत सिंह की देख-रेख में 3 बसों को हरी झंडी दिखाकर श्री अमृतसर साहिब के लिए रवाना किया गया।
ये बसें श्री अमृतसर साहिब में श्री दरबार साहिब, श्री दुर्गियाना मंदिर, राम तीर्थ वाल्मीकि मंदिर, वाघा बॉर्डर और जलियांवाला बाग के दर्शन संगत के रूप में कराएंगी। श्रद्धालुओं से भरी बस को फेज़-11 और सेक्टर-79 से मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के मोहाली विधानसभा हलका कॉर्डिनेटर व स्टेट अवार्डी फूलराज सिंह द्वारा हरी झंडी दी गई, जबकि गांव बहलोलपुर में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता कुलदीप सिंह समाणा और मोहाली कॉरपोरेशन के सीनियर डिप्टी मेयर रजिंदर प्रसाद शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर श्री अमृतसर साहिब के लिए रवाना किया गया।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता कुलदीप सिंह समाणा और हलका कॉर्डिनेटर फूलराज सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना सफलतापूर्वक चल रही है। विधानसभा हलका मोहाली से जहां पहले शुरुआत में एक बस, फिर दो बसें और अब रोजाना श्रद्धालुओं से भरी 3 बसें श्री अमृतसर साहिब के लिए रवाना हो रही हैं। इस यात्रा पर जाने के लिए श्रद्धालुओं द्वारा बड़े स्तर पर रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है।
कुलदीप सिंह समाणा और फूलराज सिंह ने बातचीत के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के दौरान जाने वाले वरिष्ठ नागरिकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, इस बात का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। बस को रवाना करने से लेकर, वहां ठहरने के कार्यक्रम, नतमस्तक होने से लेकर घर वापसी (मोहाली) तक की पल-पल की जानकारी विधायक कुलवंत सिंह द्वारा ली जाती है।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए हर समय एक डॉक्टर और एक गाइड उपलब्ध रहता है। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के खाने-पीने व रहने की पूरी व्यवस्था का विशेष रूप से ध्यान रखा जाता है।
यहां यह बात ध्यान देने योग्य है कि गांव बहलोलपुर में बस को हरी झंडी देने के दौरान डिप्टी मेयर हरपाल सिंह चन्ना के अलावा सरपंच मनराजप्रीत सिंह, पंचायत सदस्य नवजोत कौर, अमरजीत सिंह, शकीला, कुसुम शर्मा, वरिंदर सिंह भी मौजूद रहे। वहीं सेक्टर-79 में गुरप्रीत सिंह बैंस (युवा नेता आम आदमी पार्टी), भूपिंदर कौर सहित बड़ी संख्या में इलाके के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इसी प्रकार फेज़-11 में बस को हरी झंडी देने के दौरान स्वर्ण लता, गुरनाम कौर, नरिंदर पाल सिंह धालीवाल, निर्मल सिंह मोहाली के अलावा बड़ी संख्या में इलाके के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
