सुमेश कुमार/ रमोला न्यूज़ ब्यूरो
चंडीगढ़, 08 अगस्त, : उपायुक्त, यू.टी. चंडीगढ़, श्री निशांत कुमार यादव, आई.ए.एस. ने आज चंडीगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के कार्यक्रम के अनुसार 08 एवं 09 अगस्त, 2026 (शनिवार एवं रविवार) को आयोजित किए जा रहे दो दिवसीय विशेष निर्वाचन सेवा शिविरों की व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली का जायजा लेने के लिए विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) से बातचीत की। उन्होंने BLOs को शिविरों में आने वाले नागरिकों को सक्रिय रूप से आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश दिए।
चंडीगढ़ के सभी मतदान केंद्रों पर 08 एवं 09 अगस्त, 2026 को विशेष निर्वाचन सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। नागरिक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकते हैं तथा निर्धारित निर्वाचन सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
21 जुलाई, 2026 से 20 अगस्त, 2026 तक चल रही दावे एवं आपत्तियां अवधि के दौरान पात्र नागरिक निर्धारित घोषणा-पत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रारूप मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने के लिए दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।
01 जुलाई, 2026 को या उससे पहले 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके अथवा पूरी करने वाले नागरिक प्रपत्र-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए आवेदन करने के पात्र हैं।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के लिए नियुक्त निर्वाचक नामावली पर्यवेक्षक द्वारा भी विशेष शिविरों की व्यवस्थाओं एवं प्रगति का निरीक्षण किया जाएगा।
निर्वाचन संबंधी किसी भी सहायता के लिए नागरिक वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा ECINET मोबाइल एप्लीकेशन पर उपलब्ध “Book a Call Request with BLO” सुविधा का उपयोग कर सकते हैं।
*उपायुक्त की अपील*
उपायुक्त श्री निशांत कुमार यादव ने चंडीगढ़ के उन सभी युवा निवासियों से अपील की है जिन्होंने 01 जुलाई, 2026 को या उससे पहले 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है अथवा पूरी करने वाले हैं कि वे विशेष शिविरों के दौरान अपने निकटतम मतदान केंद्र पर जाकर प्रपत्र-6 जमा करवाते हुए अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाएं।
उन्होंने सभी पात्र युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाकर मतदाता पहचान पत्र प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की चुनावी प्रक्रिया में भागीदारी एक मजबूत, जीवंत एवं समावेशी लोकतंत्र के लिए आवश्यक है।
