शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा का पंचकूला गवर्नमेंट कॉलेज में औचक निरीक्षण: विद्यार्थियों से संवाद कर जानी समस्याएं, एमपीएड कोर्स शुरू करने का दिया आश्वासन

विक्रांत शर्मा/ रमोला न्यूज़ ब्यूरो

पंचकूला , 8 अगस्त– हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने आज पंचकूला के सेक्टर-1 स्थित राजकीय महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज परिसर का जायजा लिया और विद्यार्थियों के बीच जाकर अत्यंत आत्मीयता के साथ उनसे सीधा संवाद किया। शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए मौके पर मौजूद कॉलेज प्रशासन को निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने कॉलेज में विभिन्न पाठ्यक्रमों, संसाधनों और बुनियादी सुविधाओं को लेकर मंत्री के सामने अपनी बात रखी। विद्यार्थियों ने विशेष रूप से कॉलेज में शारीरिक शिक्षा में स्नातकोत्तर यानी एमपीएड का कोर्स शुरू करने की मांग प्रमुखता से उठाई। शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों की सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक और सार्थक तरीके से विचार करेगी। उन्होंने कहा कि कॉलेज में एमपीएड का कोर्स शुरू करवाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि खेल और शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में भविष्य बनाने वाले युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर अवसर मिल सकें।

*विद्यार्थी देश का भविष्य, अपनी ऊर्जा का देश निर्माण में करें सही इस्तेमाल*

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि युवा और विद्यार्थी किसी भी राष्ट्र का असली भविष्य और उसकी ऊर्जा का आधार होते हैं। आज का युवा यदि सही दिशा में आगे बढ़े तो वह न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे प्रदेश और देश का नाम विश्व पटल पर रोशन कर सकता है। उन्होंने छात्रों का आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाएं, नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपने कौशल को निखारने पर ध्यान केंद्रित करें।

*सरकार युवाओं को रोजगारपरक व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए पूरी तरह से है प्रतिबद्ध*

शिक्षा मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने और युवाओं को रोजगारपरक व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रदेश के सभी सरकारी कॉलेजों में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है ताकि विद्यार्थियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

*मंत्री ने कॉलेज प्रशासन को दिए निर्देश*

शिक्षा मंत्री ने कॉलेज प्राध्यापकों और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विद्यार्थियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और परिसर में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखें। उन्होंने कहा कि समय-समय पर छात्रों के साथ संवाद कायम किया जाए ताकि उनकी समस्याओं का तुरंत निपटारा हो सके। स्वच्छता, पेयजल और लाइब्रेरी जैसी प्राथमिक सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। शिक्षा मंत्री के इस दौरे और आत्मीय व्यवहार से विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या डा.शैलजा छाबड़ा, वरिष्ठ प्राध्यापक, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और काफी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *