करनाल हाईवे पर बड़ा हादसा, 9 वाहन आपस में टकराए, कई श्रद्धालु घायल

करनाल में नेशनल हाईवे पर तरावड़ी के पास रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से पंजोखरा गुरुद्वारा जा रही श्रद्धालुओं से भरी दो बसों सहित कुल 9 वाहन आपस में टकरा गए। बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब आगे चल रही एक कार ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिसके बाद पीछे आ रहे वाहन एक के बाद एक टकराते चले गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। साथ ही क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात सामान्य कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शी श्रद्धालु ने साझा की जानकारी
प्रत्यक्षदर्शी श्रद्धालु के अनुसार, सबसे आगे चल रही कार ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे पीछे आ रही दो कारें समय रहते रुक गईं। लेकिन इसके बाद आ रही बस कार से टकरा गई। उसी के पीछे चल रही दूसरी बस भी पहले बस से जा भिड़ी, जबकि पीछे आ रही एक टैक्सी भी इस हादसे में शामिल हो गई।

2 से 3 श्रद्धालुओं की हालत गंभीर
हादसे के बाद बसों में सवार श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार फैल गई। इस दुर्घटना में करीब 8 से 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 2 से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को करनाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मामले की आगामी जांच में जुटी पुलिस
डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। ईआरवी इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि एक के बाद एक वाहनों की टक्कर से यह बड़ा हादसा हुआ। पुलिस ने राहत कार्य पूरा कर ट्रैफिक बहाल कर दिया है। आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *