19 सितंबर को चंडीगढ़ में सजेगा व्हीलचेयर क्रिकेट का रोमांच, पंजाब और चंडीगढ़ के बीच होंगे दो महामुकाबले
रमोला न्यूज़ ब्यूरो
चंडीगढ़, 12 सितंबर। व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन चंडीगढ़ (ट्राइसिटी) और व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन पंजाब के संयुक्त तत्वावधान में 19 सितंबर को एक दिवसीय टी-20 व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। टूर्नामेंट के दौरान पंजाब और चंडीगढ़ की टीमों के बीच दो रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। दोनों मैच दयानंद एंग्लो वैदिक महाविद्यालय, सेक्टर-10, चंडीगढ़ के खेल मैदान में होंगे। इस विशेष टूर्नामेंट के आधिकारिक प्रायोजक दयानंद एंग्लो वैदिक महाविद्यालय, चंडीगढ़ हैं।
व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन चंडीगढ़ (ट्राइसिटी) के अध्यक्ष डॉ. रोपेश कुमार सिंह ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और खेल कौशल प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाना है। इसके साथ ही आयोजन के माध्यम से समाज में समावेश, समानता और समान अवसर का संदेश भी दिया जाएगा।
डॉ. रोपेश कुमार सिंह ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास, अनुशासन, समानता और सामाजिक समावेश की भावना को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। व्हीलचेयर क्रिकेट खिलाड़ियों के जज्बे, प्रतिभा और संघर्ष को सामने लाने के साथ यह भी साबित करता है कि यदि दिव्यांग खिलाड़ियों को उचित अवसर और मंच मिले तो वे किसी से पीछे नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। एसोसिएशन का प्रयास है कि व्हीलचेयर क्रिकेट को अधिक से अधिक बढ़ावा मिले तथा दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए लगातार नए अवसर उपलब्ध करवाए जाएं।
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष दीपक शर्मा, सचिव कमलजीत सिंह और कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार ने भी खेल प्रेमियों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली सहित पूरे ट्राइसिटी के लोगों को 19 सितंबर को सेक्टर-10 स्थित दयानंद एंग्लो वैदिक महाविद्यालय के खेल मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि दिव्यांग खिलाड़ियों के आत्मविश्वास, संघर्ष और हौसले को सम्मान देने का अवसर भी है।

