महाकुंभ भगदड़ में 30 लोगों की मौत, 60 घायल

 

* डीआईजी ने कहा- देर रात भारी भीड़ के चलते हादसा हुआ, 25 मृतकों की पहचान हो चुकी

प्रयागराज : महाकुंभ में मंगलवार देर रात जिस तरह से अचानक भगदड़ की स्थिति पैदा हुई और उसमें लोग दबे और कुचले गए। उससे यह तो तय था कि, इस हादसे में कई लोगों की मौत हुई होगी। लेकिन शासन-प्रशासन की तरफ से मौतों को लेकर आधिकारिक तौर से कोई जानकारी नहीं दी गई। जिससे कयास ही लगते रहे और अलग-अलग आंकड़े सामने आए। लेकिन अब प्रशासन ने आधिकारिक तौर से भगदड़ में मारे गए मृतकों की संख्या की जानकारी दे दी है।
महाकुंभ डीआईजी वैभव कृष्ण प्रेस वार्ता करते हुए बताया है कि, महाकुंभ में रात 1-2 बजे के बीच हुई भगदड़ में 30 लोगों की मौत हो गई है और 60 लोग घायल हैं। भगदड़ के बाद 90 लोगों को अस्पताल ले जाया गया था। डीआईजी ने कहा कि, जान गंवाने वाले 25 मृतकों की पहचान कर ली गई है। बाकी 5 मृतकों की पहचान की जा रही है। शिनाख्त हुए सभी शव उनके परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। वहीं अस्पताल में भर्ती घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
महाकुंभ डीआईजी वैभव कृष्ण ने जानकारी दी कि, महाकुंभ में भगदड़ हादसा वहां मौजूद भारी भीड़ के चलते हुआ। कोई भी वीआईपी प्रोटोकाल नहीं था। भीड़ में से कुछ लोग बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़े। जिसके बाद अचानक भगदड़ की स्थिति पैदा हुई। भगदड़ के तत्काल बाद ही स्थिति को काबू करने के लिए कार्यवाही शुरू कर दी गई थी। तुरंत वहां ऐंबुलेंस की गाड़ियां पहुँचीं। जिसके बाद ग्रीन कॉरिडोर से ऐंबुलेंस की गाड़ियां सभी घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचीं।

उन्होने कहा की हालांकि, राहत की बात ये है कि महाकुंभ में अब स्थिति काबू में है और स्नान सकुशल चल रहा है। आज के दिन सुबह करीब 9 बजे तक 3 करोड़ से अधिक लोगों ने पावन स्नान किया है। इससे पहले सुबह 6 बजे तक 1.50 करोड़ से ज्यादा लोगों ने पावन स्नान कर लिया था. वहीं आज दोपहर 12 बजे तक करीब 4.24 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके थे। उत्तर प्रदेश सूचना विभाग के मुताबिक, 13 जनवरी से लेकर अब तक 20 करोड़ से अधिक लोग महाकुंभ के दौरान पावन स्नान कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *