कोमल रमोला /रमोला न्यूज़
पंचकूला: पंचकूला नगर निगम चुनाव के तहत वार्ड नंबर-6 से भारतीय जनता पार्टी के युवा प्रत्याशी पार्थ गुप्ता के संकल्प पत्र का आज सेक्टर-16, पंचकूला स्थित चुनाव कार्यालय में वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता द्वारा विधिवत विमोचन किया गया।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए श्री ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि पार्थ गुप्ता का यह संकल्प पत्र वार्ड नंबर-6 (सेक्टर 16, 17 एवं 18) के समग्र एवं सुनियोजित विकास की एक सशक्त रूपरेखा प्रस्तुत करता है। उन्होंने बताया कि इसमें पार्कों का सौंदर्यीकरण, सड़कों व स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण, वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, स्वच्छता व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी, खेल सुविधाओं का विस्तार तथा सीवर एवं जल निकासी जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से वार्ड-6 को एक आदर्श और विकसित वार्ड बनाया जाएगा।
वहीं पार्थ गुप्ता ने कहा कि वे वार्ड नंबर-6 के सेक्टर 16, 17 एवं 18 के सभी निवासियों को आश्वस्त करते हैं कि पंचकूला में “ट्रिपल इंजन” की सरकार बनने के बाद विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से 10 मई को भाजपा के कमल के निशान पर मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की।
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी श्री बृज लाल गर्ग, श्री रामेश्वर चौहान, वैभव मनचंदा, श्री एन.डी. शर्मा, श्री प्रमोद वत्स सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
