*हरियाणा की डायरी
प्रस्तुति:चन्द्र शेखर धरणी(वरिष्ठ,स्वतंत्र पत्रकार)
बृजेंद्र से संग राहुल गांधी
आखिरकार बृजेंद्र सिंह की सद्भावना यात्रा में देश के नेता प्रतिपक्ष लोकसभा राहुल गांधी की मौजूदगी ने हरियाणा कांग्रेस के कई नेताओं के लिए चिंता की रेखाएं बढ़ा दी हैं।जो नेता कल तक कहते थे कि यह बृजेंद्र की निजी यात्रा है।उन्हें भी मौजूद रहना पड़ा। राहुल गाँधी का सदभाव यात्रा के मंच से नरेन्द्र मोदी पर शायद आज तक का सबसे डायरेक्ट हमला बोला गया।बृजेन्द्र सिंह की तारीफ़ में कहा- आप हज़ारों किलोमीटर चले। आपकी मेहनत सबने देखी। मेरा पूरा सपोर्ट आपके साथ है।बृजेंद्र सिंह ने यह यात्रा केवल अपने बलबूते पर कर कांग्रेस के सभी नेताओं को पहले से ही चौंका रखा है।पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के पुत्र ने अपने दम पर अपनी राजनैतिक बिसात लिखी है।उनके साथ पूर्व स्पीकर हरियाणा विधानसभा कुलदीप शर्मा खुल कर चले।अभी तक जो कांग्रेसी ब्रिजेन्द्र सिंह को अकेले मानते थे,अब जग जाहिर है कि बृजेंद्र से संग राहुल गांधी हैं। ।।। तरुण भंडारी का सिक्का हरियाणा के राज्यसभा चुनावों में कांग्रेस के 9 वोटों को तोड़ कर खलबली मचा चुके सी एम के राजनैतिक सचिव तरुण भंडारी खेल दिखा चुके हैं।इससे पहले हिमाचल राज्य सभा में कांग्रेस के पूर्ण बहुमत के बाद भी भाजपा के हर्ष महाजन को राज्य सभा चुनावों में क्रास वोटिंग के दम पर जीत दिला चुके तरुण भंडारी निकाय चुनावों में भी दल बदल कर सिक्का जमाए हुए है।चार दशक से अधिक कांग्रेस की राजनीति करने वाले कई नेताओं को वह भाजपा में ला चुके हैं। पुराने कांग्रेसी भंडारी अपने पुराने साथियों को लगातार भाजपा में ला रहे हैं। भंडारी ने अपनी राजनैतिक योग्यता लगातार प्रमाणित की है।पूरी उथल पुथल कांग्रेस में मचा रखी है। ।।।। विज का दावा अब बारी पंजाब फतह की पश्चिम बंगाल में भाजपा की बड़ी जीत से भाजपाईयों में खुशी का ठिकाना नहीं रहा, लंबे इंतजार के बाद भाजपा ने प्रचंड बहुमत के साथ वहां सरकार बनाई है। इस महत्वपूर्ण विषय पर भाजपा के अति वरिष्ठतम, अनुभवी एवं हर बात को मुखर होकर बोलने वाले लीडर कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने बातचीत के दौरान दावा कर दिया कि इसी तरह बीजेपी पंजाब को भी जीतने जा रही है। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस देश से खत्म हो चुकी है और आम आदमी पार्टी के नेता मात्रा अन्ना हजारे के आंदोलन के दौरान एक चालाकी से इस स्टेज पर पहुंचे हैं लेकिन जनता ने उन्हें निकाल दिया है आने वाले समय में पूरा देश भगवा मई होगा। उनसे हुई बातचीत के कुछ अंश आपके सामने प्रस्तुत है:-।यह एक बहुत बड़ा इशारा है, भारत की जनता ने अन्य सभी पार्टियों को नकार दिया है। एक एक पार्टी का एक्सरे करके देश की जनता समझ चुकी है कि इस देश को आगे बढ़ाने के लिए, विकास के लिए, सीमाओं की सुरक्षा के लिए, लोगों को सुविधाएं देने के लिए, देश में केवल और केवल एक ही पार्टी है जो कि भारतीय जनता पार्टी है। जहां-जहां भी चुनाव हो रहे हैं भारतीय जनता पार्टी को जनता दिल खोलकर जीत दे रही है। पहले हरियाणा जीते थे, दिल्ली -बिहार -महाराष्ट्र जीते, अब पश्चिम बंगाल और असम जीते हैं। अगला नंबर पंजाब का है। पंजाब चुनाव नजदीक हैं। वहां भी भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी। ।।।। विभागों से एक करोड़ से अधिक बिना मंत्री की स्वीकृति के नहीं हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अपने विभागों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि एक करोड़ रुपये से अधिक के किसी भी वित्तीय प्रस्ताव या निर्णय के लिए अब सीधे मंत्री स्तर से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। साथ ही विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक सुरक्षित और “काउंटर-चेकिंग” आधारित बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।यह फैसला हरियाणा सचिवालय में हाल ही में सामने आए एक संवेदनशील मामले के बाद लिया गया है। हरियाणा पावर जनरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीजीसीएल) के कर्मचारी बलवंत सिंह द्वारा आत्महत्या किए जाने से प्रशासनिक तंत्र में चिंता का माहौल है। जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय बलवंत सिंह को सोमवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन उससे पहले ही उन्होंने आत्महत्या कर ली। बलवंत सिंह झज्जर जिले के मुंडाहेड़ा गांव के निवासी थे और अपने परिवार—पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे—के साथ पंचकूला के पास बलटाना में रह रहे थे। घटना के बाद उनकी पत्नी की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ।।।।। इंतजार उद्घाटन का हरियाणा के विकास और गौरवशाली इतिहास को नई पहचान देने वाले अंबाला छावनी के दो बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट—अंबाला एयरपोर्ट और 1857 की आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित भव्य शहीद स्मारक—अब पूरी तरह तैयार हैं। निर्माण कार्य लगभग समाप्त हो चुका है और अब केवल औपचारिक उद्घाटन की प्रतीक्षा है।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज के समन्वित प्रयासों से इन दोनों परियोजनाओं को अंतिम रूप दिया गया है। अंबाला एयरपोर्ट: विकास को मिलेगी नई उड़ानअंबाला एयरपोर्ट अब उद्घाटन के लिए पूरी तरह तैयार माना जा रहा है। एयरपोर्ट को एविएशन विभाग को हैंडओवर करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सुरक्षा मानकों की जांच, एक्स-रे मशीनों का परीक्षण, सिक्योरिटी क्लियरेंस, स्टाफ सुविधाएं, फर्नीचर और यात्रियों के लिए आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर स्थापित किया जा चुका है। शुरुआती चरण में अंबाला से अयोध्या, लखनऊ, जम्मू और श्रीनगर के लिए उड़ानें शुरू किए जाने की तैयारी है। तीन एयरलाइनों को संचालन की मंजूरी मिल चुकी है, जबकि अन्य कंपनियां भी यहां से सेवाएं शुरू करने में रुचि दिखा रही हैं। ।।।।। कल्याण ने बताया मनोहर को संत हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि मनोहर लाल जैसे संत राजनीति में कम ही होते हैं जो अंत्योदय की भावना के साथ सर्वसमाज के कल्याण में अपना जीवन लगाते हैं। मनोहर लाल ने 2014 में हरियाणा की सत्ता में परिवर्तन के साथ व्यवस्था परिवर्तन की जो नींव रखी थी उसी के चलते आज सरकारी योजनाएं समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। मनोहर लाल के जन्मदिन पर उनके जीवन पर आधारित गीत ‘राजनीति के संत-मनोहर लाल’ का लोकार्पण करते हुए कही। इस अवसर पर हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य तथा सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह भी उपस्थित थे। डॉ. नवीन लांबा द्वारा लिखित व नवीन पूनिया द्वारा गाया गया यह गीत एलएच फाउंडेशन द्वारा तैयार किया गया है। इस अवसर पर अतिथिगण द्वारा गीत का पोस्टर भी लॉन्च किया गया। ।।। राष्ट्रीय राजनीति में सैनी का बढ़ा रुतबा भारतीय जनता पार्टी ने असम में नए मुख्यमंत्री और विधायक दल के नेता के चुनाव की प्रक्रिया के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है, जबकि जय प्रकाश नड्डा मुख्य पर्यवेक्षक की भूमिका निभाएंगे। एनडीए की रिकॉर्ड जीत के बाद सरकार गठन को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक सफलता ने पूरे देश की राजनीति में नया संदेश दिया है। इस जीत में हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी की सक्रिय भूमिका को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ता और रणनीतिक प्रचारक के रूप में उनकी मौजूदगी ने राष्ट्रीय स्तर पर उनकी राजनीतिक स्वीकार्यता और प्रभाव को और मजबूत किया है।सादगी, जमीनी जुड़ाव और तेज निर्णय क्षमता के लिए पहचाने जाने वाले नायब सिंह सैनी अब केवल हरियाणा तक सीमित नेता नहीं माने जा रहे। हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और बिहार के बाद पश्चिम बंगाल में पार्टी की सफलता ने उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व की अग्रिम पंक्ति में ला खड़ा किया है। ।।।।। मुख्य सचिव ने की तैयारियों की समीक्षा हरियाणा सरकार ने आगामी 24 मई को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा ली जाने वाली सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा-2026 के सुचारू संचालन के लिए सम्बन्धित जिलों में पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा के संचालन के लिए फरीदाबाद में 37 तथा गुरुग्राम में 52 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने आज परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में गुरुग्राम और फरीदाबाद जिलों के पुलिस आयुक्त, उपायुक्त तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा इंतजामों तथा परीक्षा के निष्पक्ष एवं सुचारू संचालन से संबंधित अन्य प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं तथा सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर रखा जाए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, निर्बाध बिजली आपूर्ति, सुगम परिवहन सुविधाएं और प्रभावी भीड़ प्रबंधन के लिए समय रहते सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। ।। अधिकारी अब 30 जून तक दर्ज कर सकेंगे एपीआर हरियाणा सरकार ने हरियाणा सिविल सेवा (कार्यकारी शाखा) के अधिकारियों की वर्ष 2025–26 की वार्षिक प्रदर्शन मूल्यांकन रिपोर्ट (पीएआर) दर्ज करने समय-सीमा एक महीने के लिए बढ़ा दी है।मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी एक पत्र के अनुसार, अब एचसीएस अधिकारियों को 31 मई की बजाय 30 जून, 2026 तक अपना स्व-मूल्यांकन प्रस्तुत करना होगा। रिपोर्टिंग प्राधिकारी को 31 अगस्त तक मूल्यांकन पूरा करना होगा। रिव्यूइंग प्राधिकारी को 31अक्टूबर तक समीक्षा करनी होगी, जबकि स्वीकार करने वाले प्राधिकारी द्वारा 31 दिसंबर, 2026 तक रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया जाएगा।गौरतलब है कि हरियाणा सरकार ने सभी विभागों को एचसीएस (कार्यकारी शाखा) अधिकारियों की वर्ष 2025–26 की वार्षिक प्रदर्शन मूल्यांकन रिपोर्ट राज्य के इंट्रानेट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। एचसीएस अधिकारियों की पीएआर वेबसाइट http://intrahry.gov.in पर ऑनलाइन दर्ज की जाएगी और इसे 31 दिसंबर, 2026 तक अंतिम रूप देना अनिवार्य होगा। ।।। प्रस्तुति : चन्द्र शेखर धरणी
