सतलुज पब्लिक स्कूल के छात्र प्रणव अहलावत ने बैडमिंटन में जीते दो स्वर्ण पदक

 

विक्रांत शर्मा 

पंचकूला।

सतलुज पब्लिक स्कूल, सेक्टर-4, पंचकूला के कक्षा नौ (ब्लेक हाउस) के छात्र प्रणव अहलावत ने बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। प्रणव ने चंडीगढ़ के सेक्टर-38 स्थित खेल परिसर में सेव वर्ल्ड फाउंडेशन द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में अंडर-15 वर्ग के एकल तथा युगल मुकाबलों में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। इसके साथ ही उन्हें 3,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई।

प्रणव की लगातार उत्कृष्ट उपलब्धियों के चलते उनका चयन अब हरियाणा राज्य बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए हुआ है, जो भिवानी में आयोजित होगी। यह चयन उन्हें पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल खेल परिसर में आयोजित 20वीं अश्वनी कुमार मेमोरियल पंचकूला ओपन जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मिला है।

इस उपलब्धि पर सतलुज ग्रुप ऑफ स्कूल्स के प्रबंध निदेशक रीकृत सेराई ने छात्र को बधाई देते हुए कहा कि उत्कृष्टता निरंतर मेहनत, अनुशासन और चुनौतियों का सामना करने के साहस से हासिल होती है। उन्होंने कहा कि प्रणव की सफलता सतलुज परिवार की उस भावना को दर्शाती है, जहां प्रतिभा को निरंतर प्रोत्साहन और सही मार्गदर्शन देकर उत्कृष्टता तक पहुंचाया जाता है। उन्होंने हरियाणा राज्य चैंपियनशिप के लिए प्रणव को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में और बड़ी सफलताओं की कामना की।

विद्यालय परिवार ने प्रणव अहलावत की इस शानदार उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि वह राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, पंचकूला और हरियाणा का नाम गौरवान्वित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *