हेमंत कुमार (रमोला न्यूज़ ब्यूरो )
कालका 22सितंबर
माप तौल विभाग, पंचकूला की टीम ने कालका सब्जी मंडी में औचक निरीक्षण कर दुकानदारों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे कांटों और बट्टों की जांच की। निरीक्षण के दौरान करीब 200 दुकानदारों के माप-तौल उपकरणों की जांच की गई।
माप तौल विभाग के इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि जांच के दौरान सभी कांटे और बट्टे सही पाए गए। हालांकि, कुछ दुकानदार बट्टों के स्थान पर छोटे पत्थरों का इस्तेमाल करते पाए गए। विभाग की टीम ने ऐसे दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि माप-तौल के लिए पत्थरों या किसी अन्य अनधिकृत वस्तु का प्रयोग न करें। भविष्य में ऐसा पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इससे पहले सेक्टर-26 स्थित पंचकूला सब्जी मंडी में भी माप-तौल उपकरणों की जांच की गई थी।
इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने कहा कि विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 के प्रावधानों के अनुसार व्यापारिक गतिविधियों में निर्धारित एवं उचित माप-तौल उपकरणों का ही प्रयोग किया जाना चाहिए। विभाग द्वारा बाजारों में माप-तौल उपकरणों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
निरीक्षण के दौरान इंस्पेक्टर अशोक कुमार के साथ सहायक अश्वनी कुमार भी मौजूद रहे।

