पिंजौर सिविल एयरोड्रम स्थित एविएशन संस्थान पहुंचीं अनुसूचित जाति आयोग की चेयरपर्सन बंतो कटारिया

 

हेमंत कुमार (रमोला न्यूज़ ब्यूरो )

कालका 22सितंबर

हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग की चेयरपर्सन श्रीमती बंतो कटारिया ने मंगलवार को हरियाणा इंस्टीट्यूट ऑफ सिविल एविएशन, सिविल एयरोड्रम पिंजौर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध प्रशिक्षण एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान श्रीमती बंतो कटारिया ने पायलट प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और उनके प्रशिक्षण, शिक्षा, आवास, खान-पान तथा संस्थान में उपलब्ध अन्य सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी समस्याओं, कठिनाइयों एवं शिकायतों के संबंध में भी बातचीत की और उनकी बातों को गंभीरता से सुना।

चेयरपर्सन ने संस्थान की प्रशिक्षण व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ-साथ विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से संस्थान की व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

श्रीमती बंतो कटारिया ने कहा कि शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रत्येक विद्यार्थी के साथ समानता और सम्मान का व्यवहार सुनिश्चित किया जाना चाहिए। किसी भी विद्यार्थी को उपलब्ध सुविधाओं से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। संस्थान में विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और भेदभाव रहित वातावरण सुनिश्चित करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के अधिकारों की रक्षा तथा उन्हें न्याय और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। पिंजौर स्थित संस्थान के निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों से प्राप्त जानकारी अनुसार आयोग द्वारा  आवश्यकतानुसार आवश्यक कदम उठाये जायेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *