सेवा ही संकल्प अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान और चित्रकला प्रतियोगिता

 

तिलक चंद रमोला

 रमोला न्यूज़ ब्यूरो

 नौगांव: परमार्थ विजय पब्लिक स्कूल (दिव्यांग छात्रावास) तुनाल्का, नौगांव में ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक, सामान्य एवं दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

हस्ताक्षर अभियान के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सेवा, सहयोग, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और समाज के प्रति संवेदनशीलता का संकल्प लिया। वहीं, चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। प्रतियोगिता में आभा ने प्रथम, अनिशा ने द्वितीय और दक्षिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय की अध्यक्ष विजयलक्ष्मी जोशी एवं प्रबंधक वीरेंद्र दत्त जोशी ने कहा कि सेवा केवल जरूरतमंदों की सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों की अभिव्यक्ति है। बच्चों में बचपन से ही सेवा, सहयोग और समानता के संस्कार विकसित करना आवश्यक है। विद्यालय का प्रयास है कि सामान्य एवं दिव्यांग बच्चे साथ मिलकर आगे बढ़ें और भविष्य में समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

उन्होंने कहा कि सेवा की भावना किसी एक दिन या अभियान तक सीमित न रहकर जीवन का संस्कार बने, यही ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान का मूल उद्देश्य है।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने सेवा को जीवन का संस्कार बनाने, जरूरतमंदों की सहायता करने और समाज को बेहतर बनाने में योगदान देने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य अरविंद रमोला, हरदयाल सिंह, नवजोत असवाल, प्रदीप नौटियाल, संदीप टम्टा, अंजना, सीमा जिंदल, सारिका सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *