रोमी सिंह/ रमोला न्यूज़
पंचकूला: पंचकूला। नगर निगम चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में समाज सेवा में सक्रिय और क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुके सुरिंदर गोयल ने वार्ड नंबर-3 से अपनी दावेदारी पेश करते हुए भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पंचकमल में जिलाध्यक्ष अजय मित्तल को अपना आवेदन सौंपा।
सुरिंदर गोयल पिछले कई वर्षों से वार्ड नंबर-3 में निवास कर रहे हैं और क्षेत्र के लोगों के साथ उनका गहरा जुड़ाव रहा है। वे समय-समय पर सेक्टर के लोगों की मदद करने और सामाजिक कल्याण के कार्यों में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते रहे हैं।
सुरिंदर गोयल लंबे समय से सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते आ रहे हैं। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता, गरीबों को भोजन वितरण, जरूरतमंदों को आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने और विभिन्न सामाजिक अभियानों के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक मदद पहुंचाई है। कोविड काल के दौरान भी उन्होंने जरूरतमंदों को भोजन और दवाइयां उपलब्ध कराकर सराहनीय कार्य किया।
इसके अलावा वे युवाओं को समाज सेवा और जागरूकता अभियानों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत रहे हैं। स्वच्छता, साक्षरता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है।
सुरिंदर गोयल को क्षेत्र में एक युवा, शिक्षित और समाज सेवा के प्रति समर्पित नेता के रूप में देखा जाता है। उनका कहना है कि यदि पार्टी उन्हें मौका देती है, तो वे वार्ड के समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं में सुधार और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना, युवाओं को आगे बढ़ाना और समाज के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
