कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए हेमंत किगरं , पंजाबियों की अनदेखी का लगाया आरोप……

 

कोमल रमोला /रमोला न्यूज़

पंचकूला : नरेंद्र मोदी की नीतियों और विचारधारा से प्रभावित होकर तथा नायब सिंह सैनी एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली के नेतृत्व में हेमंत किंगरा (संस्थापक सदस्य, पंजाबी एकता मंच) ने कांग्रेस पार्टी को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। यह शामिल कार्यक्रम पंचकूला स्थित प्रदेश कार्यालय ‘पंचकमल’ में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर हेमंत किंगरा ने कांग्रेस पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में लंबे समय से पंजाबियों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने बताया कि पंचकूला में लगभग 50% आबादी पंजाबी समुदाय की है, इसके बावजूद संगठन और अन्य महत्वपूर्ण पदों में उन्हें उचित प्रतिनिधित्व और सम्मान नहीं मिलता।

उन्होंने कहा कि वे पिछले करीब 30 वर्षों से कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहे हैं, लेकिन पार्टी आंतरिक गुटबाजी का शिकार हो चुकी है। उन्होंने विशेष रूप से कुमारी सैलजा और भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गुटों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन नेताओं की आपसी खींचतान ने पार्टी को कमजोर कर दिया है।

हेमंत किगरं ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस में मेहनती कार्यकर्ताओं की अनदेखी होती है और केवल चापलूसी करने वालों को आगे बढ़ाया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब सिमटती जा रही है और एक जाति विशेष की पार्टी बनकर रह गई है।

भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी में उन्हें सम्मान और कार्य करने का बेहतर अवसर मिलेगा तथा वे समाज और क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *