रोमी सिंह /रमोला न्यूज़
पंचकूला, 14 मई : राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने पंचकूला स्थित हरियाणा वेलफेयर सोसाइटी फॉर पर्सन्स विद स्पीच एंड हियरिंग इंपेयरमेंट पहंुचकर अपना जन्मदिवस एक बेहद खास और मानवीय अंदाज में मनाया। यहाँ उन्होंने मूक-बधिर बच्चों के बीच अपना समय बिताया और उनके साथ केक काटकर खुशियां सांझा की।
इस अवसर पर कालका से विधायक शक्ति रानी शर्मा भी उनके साथ विशेष रूप से मौजूद रहीं। संस्थान पहुंचने पर बच्चों ने सांसद का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्तिकेय शर्मा ने न केवल बच्चों के साथ केक काटा, बल्कि उन्हें विभिन्न उपहार और मिठाइयां भेंट कर उनके दिन को उत्साह से भर दिया।
सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि इन मासूम बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाना उनके जीवन के सबसे सुखद और यादगार पलों में से एक है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि ये सभी बच्चे उनके परिवार के सदस्य जैसे हैं और समाज के इन विशेष बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही उनके जन्मदिन का सबसे बड़ा और असली तोहफा है।
सांसद ने संस्थान के प्रबंधन और बच्चों को विश्वास दिलाया कि उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की असुविधा या संसाधन की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन बच्चों के बेहतर भविष्य और कल्याण के लिए वे व्यक्तिगत तौर पर हमेशा तत्पर रहेंगे।
इस दौरान बच्चों के बीच सांसद के आगमन को लेकर जबरदस्त उत्साह और खुशी देखी गई। संस्थान के स्टाफ ने सांसद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विशेष बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें यह अहसास होता है कि समाज उनके साथ खड़ा है।
